चतरा डीसी को मिला राष्ट्रीय सम्मान, सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026 सर्वे में मिली जगह
Published by : DEEPESH KUMAR Updated At : 18 May 2026 10:02 PM
यह पहचान उन्हें प्रशासनिक कार्यों, जनहित आधारित पहल व प्रभावी नेतृत्व के आधार पर प्राप्त हुई है
चतरा. फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा जारी सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026 सर्वे में उपायुक्त रवि आनंद को देश के उत्कृष्ट जिलाधिकारियों की सूची में स्थान दिया गया है. यह पहचान उन्हें पूर्व में जामताड़ा जिले में उपायुक्त के रूप में किये गये प्रशासनिक कार्यों, जनहित आधारित पहल व प्रभावी नेतृत्व के आधार पर प्राप्त हुई है. फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा किये गये इस राष्ट्रीय स्तर के सर्वे में प्रशासनिक दक्षता, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसरोकार, नवाचार, संकट प्रबंधन क्षमता, पारदर्शिता व जनसेवा जैसे विभिन्न मानकों के आधार पर अधिकारियों का मूल्यांकन किया गया. रवि आनंद ने जामताड़ा में अपने कार्यकाल के दौरान जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन, विकास योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, प्रशासनिक समन्वय व आमजनों से संवाद स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किये थे. वर्तमान में चतरा जिले में भी उनके नेतृत्व में विभिन्न विकास योजनाओं, सड़क सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर लगातार कार्य किये जा रहे हैं. मालूम हो कि फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा जारी यह सर्वे देशभर में बेहतर प्रशासनिक कार्य करने वाले जिलाधिकारियों के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










