काम की प्रगति देखने पहुंचे थे अधिकारी, नहीं दिखा एक भी मजदूर, फिर...

Updated:
विज्ञापन

बड़ा गुंटिया पंचायत का निरीक्षण करते डीडीसी उत्कर्ष कुमार.

पश्चिमी सिंहभूम के डीडीसी उत्कर्ष कुमार ने खूंटपानी प्रखंड में विकास योजनाओं का निरीक्षण किया और कार्य में लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को फटकार लगाई.

विज्ञापन

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने सोमवार को खूंटपानी की बड़ा गुंटिया पंचायत एवं उलीराजाबासा पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं का औचक स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान योजनाओं की प्रगति, श्रमिकों को उपलब्ध कराए जा रहे रोजगार, आवास निर्माण व पंचायत स्तर पर स्वीकृत योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया.

कार्यस्थल पर नहीं थे कोई मजदूर

निरीक्षण के क्रम में उलीराजाबासा पंचायत में कार्यस्थल पर एक भी मजदूर उपस्थित नहीं थे. इस पर उप विकास आयुक्त नाराज हो गए. उन्होंने संबंधित ग्राम रोजगार सेवक से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायतों में उपलब्ध योजनाओं के अनुरूप अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए. जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक के माध्यम से सभी पंचायतों में प्रतिदिन 200 श्रमिकों को कार्य उपलब्ध कराने का निर्देश पूर्व में दिया गया था. इसके बावजूद खूंटपानी प्रखंड में पर्याप्त संख्या में योजनाएं उपलब्ध होने के बाद भी औसतन मात्र 8 श्रमिक प्रति पंचायत प्रतिदिन कार्यरत पाए जाने पर उप विकास आयुक्त ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की.

मजदूराें को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को श्रमिकों को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराने व योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान विकसित भारत जी-राम-जी के अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना, दीदी बगिया योजना के तहत नर्सरी विकास तथा ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत निर्माणाधीन अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया गया. उप विकास आयुक्त द्वारा आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित लाभुकों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया. साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवास पूर्ण कराने पर जोर दिया गया.

समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश

इसके अतिरिक्त पंचायत भवनों में 15वें वित्त आयोग मद से किए जा रहे पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण कार्य, स्वीकृत योजनाओं की स्थिति एवं योजनाओं के विरुद्ध किए गए व्यय की भी समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित क्रियान्वयन एजेंसियों एवं कर्मियों को स्वीकृत योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति की निगरानी करने तथा कार्यस्थलों पर श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान खूंटपानी बीडीओ धनंजय पाठक, पंचायत के मुखिया हरिचरण हेम्ब्रम, सहायक परियोजना पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य आदि मौजूद थे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola