गुरु पूर्णिमा पर साईं भजनों से गूंजा साईं देवस्थान मंदिर, चार घंटे तक भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर चक्रधरपुर के साईं देवस्थान मंदिर में भव्य भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिरस का आनंद लिया।
चक्रधरपुर: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर के शीतला मंदिर स्थित श्री श्री साईं देवस्थान मंदिर परिसर में बुधवार की देर शाम भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया. चार घंटे तक चले इस संगीतमय कार्यक्रम में साईं बाबा के भजनों की ऐसी सुरमयी प्रस्तुति हुई कि पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया. देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर भजनों का आनंद लेते रहे.
भजन संध्या का शुभारंभ मोहित भगेरिया ने गणेश वंदना वंदना करते हैं तुम्हारे, हे गजानंद आइए की मधुर प्रस्तुति से किया. इसके बाद संजय रवानी ने गुरुदेव दया करके मुझको अपना लीजिये तथा कब आएगा मेरा साईं बाबा जैसे भावपूर्ण भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं की खूब तालियां बटोरीं. अमर वर्मा ने फंसी भंवर में ये मेरी नैया, पार करो हे साईंनाथ भजन गाकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रांची की प्रसिद्ध भजन गायिका चुमकी राय रहीं. उन्होंने मेरे घर के आगे साईंनाथ तेरा मंदिर बन जाए, दीवाना तेरा आया तेरी शिरडी में , रहम नजर करना, प्यार करे सब साईं से, साईं सब से प्यार करें तथा शिरडी वाले साईं बाबा जैसे लोकप्रिय भजनों की शानदार प्रस्तुति दी. उनके भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे और पूरा परिसर जयकारों तथा तालियों की गूंज से गुंजायमान हो गया.
कार्यक्रम के दौरान श्री श्री शिरडी साईं भक्त मंडल के प्रमुख आदर्श दोदराजका एवं उत्तम शाह ने मंदिर समिति के सदस्यों तथा भजन संध्या में भाग लेने वाले सभी कलाकारों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. इस सम्मान समारोह ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया. संगीतमय प्रस्तुति को सफल बनाने में मुकुल राय ऑर्गन, जाहिद खान तबला, अतनु चटर्जी पैड, सुजीत दास गिटार तथा उद्घोषक सुभाष तिवारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सभी कलाकारों के सामंजस्यपूर्ण प्रदर्शन ने श्रद्धालुओं को पूरे कार्यक्रम के दौरान बांधे रखा.
इस अवसर पर आदर्श दोदराजका, आनंद दोदराजका, उत्तम शाह, गणेश पाडिया, अनिल यादव, शिव भगेरिया सहित मंदिर समिति के सदस्य एवं सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. आयोजन के सफल संचालन के लिए श्रद्धालुओं ने श्री श्री शिरडी साईं भक्त मंडल की सराहना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप प्रमाणिक
प्रताप प्रमाणिक वर्ष 2002 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. उन्हें क्राइम और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग में विशेष विशेषज्ञता हासिल है. वर्तमान में वे प्रभात खबर में संवाददाता, चक्रधरपुर कार्यालय सह प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें डिजिटल जर्नलिज्म का तीन वर्षों का अनुभव है. अपने अनुभव, जमीनी रिपोर्टिंग और तथ्यपरक पत्रकारिता के दम पर उन्होंने एक विश्वसनीय और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










