रेल कर्मियों व पेंशनरों का टीएमएच व अपोलो में होगा इलाज
सम्मेलन को संबोधित करते डीआरएम तरुण हुरिया.
चक्रधरपुर रेल मंडल ने पेंशनरों के बेहतर इलाज के लिए टीएमएच और अपोलो अस्पताल के साथ समझौता किया है. डीआरएम ने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया.
चक्रधरपुर | सेवानिवृत्त रेलकर्मियों व पेंशनरों के लिए इलाज से जुड़ी बड़ी राहत सामने आई है. चक्रधरपुर रेल मंडल ने टाटा मुख्य अस्पताल के साथ चिकित्सा सुविधा संबंधी समझौते का नवीकरण किया है. इसका उद्देश्य पेंशनों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है. समझौते के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल से जुड़े पेंशनरों को टीएमएच में चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा.
पेंशनरों की समस्या के समाधान के लिए करेंगे सहयोग : डीआरएम
स्थानीय महात्मा गांधी सभागार में शनिवार को चक्रधरपुर रेल मंडल पेंशनर एसोसिएशन का चौथा वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा - रेल प्रशासन पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि सेवानिवृत्त रेलकर्मी और उनके परिवार रेल मंडल का महत्वपूर्ण हिस्सा है. पेंशन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए रेल प्रशासन लगातार प्रयासरत है.
टीएमएच और अपोलो अस्पताल के साथ समझौता
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर बात करते हुए डीआरएम ने बताया कि रेलकर्मियों और पेंशनरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चक्रधरपुर रेल मंडल ने टाटा मेन हॉस्पिटल के साथ चिकित्सा सुविधा समझौते का नवीकरण किया है. साथ ही राउरकेला क्षेत्र के रेलकर्मियों और पेंशनरों के लिए अपोलो अस्पताल के साथ भी करार किया गया है.
आपसी संवाद का सशक्त माध्यम हैं ऐसे आयोजन
उन्होंने पेंशनर एसोसिएशन के इस वार्षिक आयोजन और इसमें पेंशनरों की भारी भागीदारी की सराहना करते हुए कहा - ऐसे मंच आपसी संवाद बढ़ाने और समस्याओं व सुझावों को रेल प्रशासन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम हैं. उन्होंने एसोसिएशन की जायज मांगों और समस्याओं के निराकरण का पूर्ण आश्वासन दिया.
वरिष्ठ पेंशनरों का सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान 90 वर्ष से अधिक आयु के तीन वरिष्ठ पेंशनरों को शॉल ओढ़ाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया. वहीं, बच्चों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. इससे पूर्व मुख्य अतिथि चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. ऋषभ सिन्हा उपस्थित रहे. मौके पर एसोसिएशन के सचिव समीरन मुखर्जी, झिमली चटर्जी ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप कुमार पांडा सहित झारसुगुड़ा, राउरकेला, डांगुवापोसी एवं चक्रधरपुर रेल मंडल की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में पेंशनर व पदाधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रताप प्रमाणिक
प्रताप प्रमाणिक वर्ष 2002 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है. उन्हें क्राइम और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग में विशेष विशेषज्ञता हासिल है. वर्तमान में वे प्रभात खबर में संवाददाता, चक्रधरपुर कार्यालय सह प्रभारी के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें डिजिटल जर्नलिज्म का तीन वर्षों का अनुभव है. अपने अनुभव, जमीनी रिपोर्टिंग और तथ्यपरक पत्रकारिता के दम पर उन्होंने एक विश्वसनीय और जिम्मेदार पत्रकार के रूप में अपनी पहचान बनाई है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










