Chaibasa News : पूर्व सैनिकों के लिए सुविधाओं के विस्तार पर जोर
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 01 Jul 2025 11:14 PM
डीसी की अध्यक्षता में पूर्व सैनिकों के कल्याण को लेकर जिला सैनिक बोर्ड की बैठक
चाईबासा. डीसी चंदन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में सैनिक कल्याण पदाधिकारी कर्नल किशोर सिंह ने कोल्हान क्षेत्र में रहने वाले सेवानिवृत्त सैनिकों, वीर नारियों एवं विधवाओं की जानकारी साझा की. बैठक में बताया गया कि वर्तमान सैनिक भवन के मरम्मतीकरण में 8 से 10 महीने का समय लग सकता है, ऐसे में 2000 वर्ग फीट का वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने का प्रस्ताव उपायुक्त के समक्ष रखा गया. साथ ही, किराये पर चल रहे इसीएचएस पॉलीक्लिनिक को सदर अस्पताल परिसर में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया, ताकि दूर-दराज से आने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.
सम्मान और पुनर्वास पर विशेष चर्चा:
बैठक में गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित बैठने की व्यवस्था एवं गैलंट्री अवॉर्ड विजेताओं को सम्मानित करने का प्रस्ताव रखा गया. शहीद सिपाही बालमुचू पंडा और सिपाही राजेश बोयपोई के परिजनों को लंबित जमीन आवंटन शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया गया. पूर्व सैनिकों के पुनर्वास के लिए प्रज्ञा केंद्र व दूध केंद्र जैसे दुकानों के आवंटन में 10% आरक्षण देने का प्रस्ताव भी बैठक में सामने आया. बैठक में ब्रिगेडियर प्रदीप कुमार झा (अवकाश प्राप्त) एवं पूर्व सैनिक सुशील कुमार सिंह, हंसराज सिंह, सतनाम सिंह, अशोक श्रीवास्तव, भरत पोद्दार, एसआर पूर्ति, सलाई सुंडी, के जायसवाल व प्रभात कुमार आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










