FCI गोदाम का DC ने किया निरीक्षण, समय पर आपूर्ति के दिए निर्देश

निरीक्षण के बाद दिशा-निर्देश देते DC | Prabhat Khabar Network
चाईबासा में डीसी मनीष कुमार ने एफसीआई गोदाम का निरीक्षण कर अनाज की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए.
पश्चिम सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को पाताहातु स्थित एफसीआइ गोदाम का निरीक्षण किया. उन्होंने गोदाम संचालन, खाद्यान्न के भंडारण, रखरखाव, गुणवत्ता और परिवहन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया.
उपायुक्त ने गोदाम में उपलब्ध गेहूं, चावल सहित अन्य खाद्यान्न के स्टॉक की जानकारी ली. उन्होंने अनाज के बोरों की स्थिति देखकर अधिकारियों को सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. डीसी ने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखरखाव होना चाहिए.
वेट ब्रिज की हुई जांच
उपायुक्त ने गोदाम में खाद्यान्न के परिवहन तंत्र, लोडिंग-अनलोडिंग प्रक्रिया और समयबद्ध आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की. उन्होंने गोदाम परिसर में रखी हुई वेट ब्रिज को जांचा और उसकी कार्यप्रणाली और माप-तौल की शुद्धता एवं नियमित संचालन की जांच की.
PDS राशन की समय पर आपूर्ति के दिए निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत दिए जाने वाले राशन का भंडारण और परिवहन पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि अंतिम लाभुक तक समय पर खाद्यान्न पहुंच सके. उन्होंने गोदाम परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों (रजिस्टरों) के नियमित संधारण पर विशेष बल दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










