Bokaro News : फिर टारगेट सेट, 15 बिंदु पर हुई प्रगति की समीक्षा

Published by :MANOJ KUMAR
Published at :01 May 2026 1:22 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : फिर टारगेट सेट, 15 बिंदु पर हुई प्रगति की समीक्षा

Bokaro News : बोकारो एयरपोर्ट संचालन को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

विज्ञापन

Bokaro News : संवाददाता, बोकारो. बोकारो एयरपोर्ट के संचालन को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में संबंधित विभाग के साथ समीक्षा बैठक की. एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया. शेष कार्यों को निर्धारित समय के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने 15 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर क्रमवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने को कहा.

सुरक्षा व आधारभूत संरचना पर विशेष जोर :

उपायुक्त ने बीएसएल प्रबंधन को दुंदीबाद क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त क्षेत्र की बैरिकेडिंग 15 मई तक कराने व पुलिस पिकेट निर्माण के लिए कहा. एयरपोर्ट क्षेत्र की सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए दुंदीबाद क्षेत्र समेत पूरे शहर में 15 जून तक सीसीटीवी अधिष्ठापन, प्रशिक्षित पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति व फायर ब्रिगेड के नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं में प्रगति : बैठक में बताया गया कि एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया-एएआइ व बोकारो इस्पात प्रबंधन-बीएसएल के बीच एमओयू के नवीनीकरण की प्रक्रिया जारी है. एएआई की ओर से उपलब्ध कराए गए नक्शों में आवश्यक संशोधन किया जा रहा है. इसके अलावा बम थ्रेट कंटिजेंसी प्लान, सिक्योरिटी वेटिंग, बीसीएएस सुरक्षा क्लियरेंस व डीजीसीए लाइसेंस से संबंधित प्रक्रियाएं भी प्रगति पर हैं. उपायुक्त ने मई माह के अंत तक कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया.

आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश :

एयरपोर्ट के लिए आठ एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित है, दो एयरक्राफ्ट वाहन की तैनाती व सीटीओ स्वीकृति प्राप्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी है. डीसी ने कहा : सतनपुर पहाड़ी पर उच्च तीव्रता वाले फ्लैश-ऑब्स्ट्रक्शन लाइट का क्रय कर लिया गया है, उसका अधिष्ठापन सात मई तक हो जाना चाहिए. बैठक में बीएसएल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि एयरपोर्ट परिसर में झाड़ियों की साफ-सफाई करायी जा रही है. उपायुक्त ने रन-वे से 75 किमी तक की जंगल – झाड़ियों का ग्रीडिंग कराने का निर्देश दिया.

उपायुक्त ने कहा : बोकारो एयरपोर्ट का संचालन जिले की प्राथमिकता है, सभी विभाग निर्धारित समय सीमा का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्य को जल्द पूरा करें.

मौके पर पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, वन पदाधिकारी संदीप शिंदे, बीएसएल के प्रतिनिधि एके तिवारी, एएआइ रांची के उप महाप्रबंधक मनोज कुमार, सिविल सर्जन डॉ एबी प्रसाद, मुख्यालय डीएसपी अनिमेश गुप्ता, डीएलएओ द्वारिका बैठा, डीपीआरओ रवि कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.

विज्ञापन
MANOJ KUMAR

लेखक के बारे में

By MANOJ KUMAR

MANOJ KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola