ePaper

Bokaro News : फुसरो नगर परिषद : प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज

Updated at : 23 Feb 2026 12:18 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : फुसरो नगर परिषद : प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज

Bokaro News : फुसरो नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की नौ और पार्षद पद के 129 (28 वार्ड) प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सोमवार को 65082 मतदाता करेंगे.

विज्ञापन

फुसरो नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की नौ और पार्षद पद के 129 (28 वार्ड) प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला सोमवार को 65082 मतदाता करेंगे. मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा. रविवार की दोपहर तक सभी बूथों पर मतदान कर्मी बैलेट पेपर व मतपर्ची लेकर पहुंच चुके थे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस जवान भी मतदान केंद्र पहुंच गये. हिंदुस्तान पुल फुसरो में बनाये गये चेकनाका में बोकारो से आने वाले मतदान कर्मियों का मिलान कर उन्हें उनके बूथों पर भेजा गया. बूथों में ही मतदान कर्मियों के रहने, खाने, पीने, सोने की व्यवस्था की गयी. साथ ही पुलिस प्रशासन की ओर से मतदान को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. विधि व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पैनी नजर है. मतदान प्रक्रिया को लेकर बेरमो प्रखंड सह अंचल कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है. इधर, रविवार को प्रत्याशियों ने डोर टू डोर जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट करने की अपील की.

65 बूथों में से 19 हैं अति संवेदनशील

फुसरो नप चुनाव को लेकर 43 भवनों में 65 बूथ बनाये गये हैं. कुल मतदाता 65082 हैं. इसमें पुरुष 33292 व महिलाएं 31790 हैं. 65 बूथों में 19 बूथ अति संवेदनशील हैं. 36 संवेदनशील और 10 सामान्य हैं. अति संवेदनशील बूथों में पर्याप्त जवान तैनात रहेंगे.

लगाये गये हैं 325 मतदान कर्मी, तैनात रहेंगे 520 जवान

मतदान को लेकर 65 बूथों में 325 मतदान कर्मी लगाये गये हैं. 35 कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है. एक बूथ में पांच मतदान कर्मी रहेंगे. इसमें पी 1, पी 2, पी 3, पी 4 के अलावे एक पीठासीन पदाधिकारी होंगे. 65 बूथों में सुरक्षा की कमान 520 जवान संभालेंगे. 50 से अधिक जवानों को रिजर्व में रखा गया है. एक बूथ में एक पुलिस पदाधिकारी के साथ सात जवान रहेंगे.

बनाये गये हैं पांच आदर्श और चार पर्दानशीन मतदान केंद्र

पांच आदर्श मतदान केंद्र बनाये गये हैं. इसमें वार्ड नंबर 13 के मध्य विद्यालय ढोरी का कमरा नंबर एक, दो व तीन और वार्ड नंबर 23 के सामुदायिक भवन सह वार्ड विकास केंद्र फुसरो ब्लॉक ए व बी शामिल हैं. चार पर्दानशीन मतदान केंद्र भी बनाये गये हैं. इसमें वार्ड नंबर 21 के राम रतन उच्च विद्यालय ढोरी के कमरा नंबर एक व दो और वार्ड नंबर 25 के नव प्राथमिक विद्यालय राजाबेड़ा का कमरा नंबर एक व दो शामिल हैं.

मतदाताओं को मिलेगी दो पर्ची

मतदाताओं को अध्यक्ष पद के लिए मतदान के लिए गुलाबी और पार्षद पद के लिए सफेद रंगी पर्ची दी जायेगी. दोनों पर्चियों पर मुहर लगाना है.

मतदान के लिए 12 में से कोई एक पहचान पत्र लेकर जायें

मतदान के लिए मतदाता के पास 12 में से कोई एक पहचान पत्र होना जरूरी है. इसमें मतदाता पहचान पत्र, फोटोयुक्त मतदाता पर्ची, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य/केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्रों के उपक्रम, स्थानीय या पब्लिक लिमिटेड कंपनी द्वारा जारी फोटो युक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक/डाकघर का फोटोयुक्त पासबुक, पैन कार्ड, आधार कार्ड, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर, मनरेगा के तहत जारी फोटो युक्त जॉब कार्ड, फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना का स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज शामिल हैं.

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola