कल से भगवान शिव का सबसे प्रिय महीना शुरु होगा सावन, शिवभक्ति में डूबेगा बोकारो

Updated:
विज्ञापन
आज से भगवान शिव का सबसे प्रिय महीना शुरु होगा सावन, शिवभक्ति में डूबेगा बोकारो

सावन का पवित्र महीना आज से शुरू हो रहा है। बोकारो के शिवालयों में विशेष पूजा की तैयारी पूरी है। जानें पहली सोमवारी और कांवर यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी।

विज्ञापन

बोकारो: भगवान शिव की आराधना का पावन महीना सावन गुरुवार से शुरू होगा. सावन के आगमन को लेकर जिले के प्रमुख शिवालयों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मंदिरों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, कतारबद्ध दर्शन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.

पहले दिन से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने की संभावना है. सेक्टर-03 स्थित जगदिश्वर शिवनाथ मंदिर के पंडित कौशल कुमार पांडेय ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार सावन भगवान शिव का सबसे प्रिय महीना माना जाता है.

पूरे माह श्रद्धालु जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव की आराधना करेंगे. महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखेंगी, जबकि अविवाहित युवतियां मनचाहे वर की कामना से शिव पूजा करेंगी. जिले के प्रमुख शिवालयों में पूरे माह भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक, शिव महाआरती और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा.

सावन की पहली सोमवारी 3 अगस्त को पड़ेगी, जबकि पांचवीं व अंतिम सोमवारी 31 अगस्त को होगी.

सुलतानगंज के लिए रोजाना मिलेगी बस सेवा

सावन के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए बोकारो से सुलतानगंज के लिए विशेष बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी. नयामोड़ बस स्टैंड से राजनंदनी बस, बबुआन बस, श्री हरि बस ( ठाकुर मोटर्स) की बसें प्रतिदिन शाम 6:30 बजे सुलतानगंज के लिए रवाना होंगी. इससे श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा के लिए सीधी और सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था मिलेगी.

भक्तिमय होगा पूरा माहौल

सावन माह के दौरान पूरे जिले में 'हर-हर महादेव', 'बोल बम' और 'जय भोलेनाथ' के जयघोष से वातावरण भक्तिमय रहेगा. मंदिरों में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है. जिला प्रशासन और मंदिर समितियां भी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं.


विज्ञापन
Dharmanath Kumar

लेखक के बारे में

By Dharmanath Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola