Bokaro News: बोकारो थर्मल में तीसरे दिन भी ठप रहा पावर प्लांट, बकाया भुगतान के बाद छाई उठाव शुरू, प्रबंधन ने ली राहत की सांस

Updated:
विज्ञापन
Bokaro News: बोकारो थर्मल में तीसरे दिन भी ठप रहा पावर प्लांट, बकाया भुगतान के बाद छाई उठाव शुरू, प्रबंधन ने ली राहत की सांस

Bokaro News: बोकारो थर्मल स्थित डीवीसी के 500 मेगावाट क्षमता वाले ‘ए’ पावर प्लांट लगातार तीसरे दिन भी ठप रहा. लिहाजा सोमवार को भी बिजली प्रोडक्शन नहीं हो पाया. बताते चलें की यह परेशानी छाई उठाव नहीं होने के चलते ऐश पौंड भरने से हो रही है. हालांकि छाई उठाव करने वाली कंपनी ने बकाया भुगतान होने के बाद सोमवार दोपहर से ट्रांसपोर्टिंग का कार्य आंशिक रूप से बहाल किया है. इससे प्रबंधन ने राहत की सांस ली है.

विज्ञापन

छाई उठाव का करनेवाली सारण कंस्ट्रक्शन कंपनी ने हाइवा मालिकों को दो माह की बकाया राशि का भुगतान करने के बाद सोमवार से कार्य शुरू किया. ऐश पौंड स्थित कांटा घर के रिकॉर्ड के अनुसार, आधा दर्जन हाइवा राजगंज स्थित नेशनल हाइवे निर्माण स्थल भेजे गये, जबकि चार हाइवा से छाई को पावर प्लांट स्थित रेलवे ऐश यार्ड में डंप करने का काम शुरू किया गया.

कोलकाता से पहुंचे एमटी, कंपनी प्रतिनिधि को लगायी फटकार

सोमवार को कोलकाता से डीवीसी के मेंबर टेक्निकल एसके पांडा बोकारो थर्मल पहुंचे. उन्होंने नूरी नगर स्थित ऐश पौंड का निरीक्षण किया और सारण कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधियों को कड़ी फटकार लगायी. पूछा कि निविदा के बाद कार्य आवंटन होने के बावजूद वाहनों की संख्या क्यों नही बढ़ायी जा रही है. उन्होंने स्थानीय स्तर पर भुगतान रोकने की समस्या पर भी फटकार लगायी. पत्रकारों के समक्ष अपनी बात रखते हुए मेंबर टेक्निकल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पावर प्लांट को जल्द से जल्द दोबारा चालू करना है. कंपनी पर कार्रवाई के सवाल को उन्होंने यह कहकर टाल दिया कि वे मामले को देख रहे हैं. उनके साथ वरीय जीएम (ओएंडएम) मधुकर श्रीवास्तव, जीएम (ऐश मैनेजमेंट) एए कुजूर, राजेश विश्वास, कोलकाता के वरीय जीएम संजय सिन्हा और जीएम सुजीत कारक सहित डीजीएम तीतीबर रहमान, वरीय प्रबंधक मनीश कुमार चौधरी, सरफराज भोख, प्रबंधक सेफ्टी एके चौबे सहित कई अधिकारी मौजूद थे.

प्रदूषण के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

गोविंदपुर–ए पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अख्तर अंसारी ने एमटी को पौंड से उड़ने वाली छाई के कारण हो रहे भारी प्रदूषण और ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया. एमटी ने उन्हें कार्यालय आकर बात करने को कहा. पंसस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदूषण पर रोक नही लगी, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जायेगा.

विज्ञापन
Mayank Tiwari

लेखक के बारे में

By Mayank Tiwari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola