Bokaro: भंडारीदह दामोदर पुल के पास हाईवा में लगायी आग, चंद्रपुरा ऐश पौंड से आ रही थी गाड़ी

धू-धू कर जलता हाईवा
Bokaro (चंद्रपुरा): डीवीसी के चंद्रपुरा ऐश पौंड से छाई लेकर जा रहे एक हाईवा को कुछ लोगों ने भंडारीदह दामोदर पुल के पास रोककर उसमें आग लगा दी. ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई. इसको लेकर थाने में एक मामला दर्ज कराया गया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
विनोद सिन्हा
Bokaro (चंद्रपुरा): शुक्रवार की रात डीवीसी के चंद्रपुरा ऐश पौंड से छाई लेकर निकले एक हाईवा को कुछ लोगों ने रोककर भंडारीदह दामोदर पुल के पास आग लगा दी. आग लगने के बाद हाईवा रात को धू धू कर जलता रहा. इस संबंध में ऐश पौंड में ट्रांसपोर्टिंग का काम करने वाली पीएमपी इंफ्राटेक कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि अनिल कुमार ने चंद्रपुरा थाना को एक आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. अपने आवेदन में अनिल ने हाईवा एसोसिएशन के कुछ सदस्यों का नाम लिखा है और उनपर कार्रवाई की मांग की है.
मारपीट और रंगदारी मांगने का लगाया आरोप
थाने में दिए आवेदन में कहा गया है कि हमारी कंपनी चंद्रपुरा क्षेत्र में स्थित डीवीसी पावर प्लांट के पौंड से राख परिवहन का कार्य कर रही है. 20 मार्च की रात साढ़े दस बजे वाहन संख्या टीएस 19 टीए-7810 के चालक को भंडारीदह पुल पार करने के बाद सुनसान जगह पर तीन-चार लोगों ने गाड़ी से उतारा और उसे जंगल की ओर ले गए. उसके साथ मारपीट की गई और फिर हाईवा को आग लगा दी गई. आवेदन में आगे कहा गया कि इससे पहले भी 14 और 18 फरवरी को हाईवा रोककर ड्राइवरों के साथ मारपीट करते हुए रंगदारी मांगी गयी थी.
दूसरे ड्राइवर ने कंपनी को दी जानकारी
आवेदन में कहा गया, रात को भी ड्राइवर वसीम अंसारी को धमकी दी गयी कि हमारी गाड़ियां खड़ी है और तुम लोग बाहर से आकर यहां गाड़ी चलाओगे. जैसे ही हमारी गाड़ी में आग लगायी गई, हमारी दूसरी गाडी टीएस 19 टीए – 7522 के चालक मुलायम सिंह यादव ने फोन कर इस घटना की जानकारी दी. जब वसीम से इस घटना के बारे में पूछा तो उसने हाईवा एसोसिएशन के कुछ सदस्यों का नाम बताया जो पूर्व में भी हमारे ड्राइवरों के साथ मारपीट कर चुके हैं. उनके नाम गुलाबचंद महतो उर्फ गुलेश्वर महतो, मुन्ना कुमार विश्वकर्मा, आशुतोष कुमार उर्फ अंशु राय, आजाद बाउरी, सहदेव महतो है.
कुमार ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और कार्य के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था प्रदान करने का आग्रह किया है. इस संबंध में 21 मार्च को चंद्रपुरा थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. देर रात घटना की जानकारी मिलने के बाद बोकारो एस पी हरविंद्र सिंह सहित कई थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच की.
ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों व हाईवा एसोसिएशन के बीच है विवाद
पिछले चार महीने से छाई ढुलाई का काम करने वाली ट्रांसर्पोटिंग कंपनी और हाईवा एसोसिएशन के बीच रेट को लेकर विवाद चल रहा है. इस विवाद के कारण यहां लंबे समय से काम बाधित रहा. तीन कंपनियों को उक्त काम टेंडर में मिला है जिसमें मेसर्स सारण, जीडीएनएस व पीएमपी इंफ्राटेक हैं. हाईवा एसोसिएशन के साथ रेट को लेकर चल रहे विवाद और कंपनी की गाड़ियों को सड़क पर रोक दिये जाने के कारण मेसर्स सारण, जीडीएनएस ने 15 फरवरी से छाई ढुलाई का काम बंद कर दिया. पीएमपी ने भी वाहनों को भंडारीदह में रोककर चक्कों से हवा निकाले जाने की घटना से क्षुब्ध होकर कई दिनों तक काम बंद रखा.
ये भी पढ़ें…
सरहुल विशेष : सूर्य और धरती के विवाह का उत्सव है प्रकृति पर्व सरहुल
ईद और सरहुल के दिन रांची में उड़ीं नियमों की धज्जियां, नो एंट्री में दनादन दौड़े भारी वाहन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




