Bokaro News : आशीर्वाद देने की अनोखी शैली के लिए याद किये जायेंगे माधवलाल सिंह

Updated at :14 May 2026 12:48 AM
विज्ञापन
Bokaro News : आशीर्वाद देने की अनोखी शैली के लिए याद किये जायेंगे माधवलाल सिंह

Bokaro News : पूर्व मंत्री स्व माधवलाल सिंह ईमानदारी, धार्मिक प्रवृत्ति और आत्मीय व्यवहार के लिए जाने जाते थे.

विज्ञापन

गोमिया विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे झारखंड की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक स्व माधवलाल सिंह अपनी ईमानदारी, धार्मिक प्रवृत्ति और आत्मीय व्यवहार के लिए भी लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते थे. उनके अभिवादन स्वीकार करने और लोगों को आशीर्वाद देने का अंदाज इतना अलग था कि कार्यकर्ता से लेकर बड़े अधिकारी तक कभी भूल नहीं पायेंगे. किसी से आमने-सामने मुलाकात हो या मोबाइल पर बातचीत, वे प्रायः ‘का-जी, का हालचाल…’ कह कर ही बात शुरू करते थे. चाहे सामने कोई बड़ा अधिकारी हो, राजनीतिक दल का वरिष्ठ नेता हो, कार्यकर्ता, समर्थक या गांव का सामान्य व्यक्ति, सभी के साथ उनका व्यवहार एक समान आत्मीयता भरा होता था. यही वजह थी कि लोग उनके सहज और पारिवारिक व्यवहार के कारण भी गहराई से जुड़े रहते थे.

माधवलाल सिंह समर्थकों, शुभचिंतकों और मिलने वालों को बड़े आत्मीय भाव से लंबा आशीर्वाद देते हुए कहा करते थे- ‘खुश रहा, मस्त रहा, सब मंगलमय हो, सुखमय हो, सपरिवार बाल-बच्चा हित कुटुंब, सब लाल होई जा, मां भगवती, मां काली, बजरंगबली के कृपा बनल रहे, बैंक बैलेंस करा आर माता पिता, गरीब-दुखी के खूब सेवा करा, बाल बच्चा के अच्छा से पढ़वा…’

धार्मिक आस्था से था गहरा जुड़ाव

माधवलाल सिंह धार्मिक आस्था और सनातन परंपराओं से गहराई से जुड़े हुए थे. वे आजीवन एकादशी व्रत का नियमित पालन करने वाले एकनिष्ठ उपासक माने जाते थे. परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले ही उन्होंने एकादशी उद्यापन करने की इच्छा जतायी थी, लेकिन यह नहीं हो सका और उन्होंने एकादशी के दिन ही अंतिम सांस ली.

पूर्व मंत्री के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़

पूर्व मंत्री स्व माधवलाल सिंह के अंतिम दर्शन के लिए पेटरवार तेनुचौक, ओरदाना, खूंटा बाबा मंदिर, चिनिया गढ़ा, उलगड़ा सहित अन्य स्थानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. झामुमो कार्यालय में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, पूर्व विधायक बबीता देवी सहित सैकड़ों झामुमो कार्यकर्ताओं ने उन्हें अंतिम विदाई दी. उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. पेटरवार तेनु चौक स्थित समाधान कार्यालय में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने श्रद्धांजलि दी. पूर्व मंत्री के निधन पर ब्रजेश कुमार मिश्रा, डॉ अजय कुमार, देव दुलाल बनर्जी, श्याम सुंदर मंडल, मनोज महथा, ओम प्रकाश सहगल, मनोहर मुर्मू, कमलेश प्रसाद, दामोदर ठाकुर, कृष्णा महतो, गंगाधर महतो, मनोज टुडू, हारून रसीद, कपिल महतो, मुमताज अंसारी, कौशर हासमी, शहादत अंसारी, मनोहर मुंडा, सूरज जायसवाल, गोपाल मुंडा, कुम्मु मुंडा, संजय शर्मा आदि ने शोक जताया है.

विज्ञापन
JANAK SINGH CHOUDHARY

लेखक के बारे में

By JANAK SINGH CHOUDHARY

JANAK SINGH CHOUDHARY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola