Bokaro News : उपायुक्त की पहल पर बैंक ने ग्राहक को लौटाया वाहन

Bokaro News : समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन, किस्तें समय पर जमा नहीं करने पर वाहन हुआ था जब्त, चास निवासी मोनिका ने ससमय किस्त जमा करने का दिया भरोसा.
बोकारो, समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया. उपायुक्त अजय नाथ झा ने आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर क्रमवार सुनवाई की. इसी क्रम में चास निवासी मोनिका विश्वकर्मा ने अपनी समस्या बताया. उन्होंने बताया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण वाहन की किस्तें समय पर जमा नहीं हो पायी थीं, जिस कारण बैंक ने वाहन जब्त कर लिया. मामले को उपायुक्त ने गंभीरता से लिया. डीसी ने जन शिकायत कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी-एलडीएम आबिद हुसैन को जरूरी दिशा निर्देश दिया. पदाधिकारियों ने इंडसइंड बैंक के प्रतिनिधियों से वार्ता की. कुछ घंटों में ही मानवीय आधार पर बैंक ने वाहन (जेएच 09 बीसी 7736) की चाभी मोनिका विश्वकर्मा को लौटाने का निर्णय लिया. उपायुक्त के समक्ष बैंक के प्रतिनिधि पवन श्रीवास्तव ने वाहन की चाभी परिजनों को सौंप दिया. मोनिका विश्वकर्मा ने भरोसा दिलाया कि आगे से सभी किस्त ससमय जमा होगा. इस दौरान मोनिका के सास-ससुर भी उपस्थित थे.
63 मामलों की सुनवाई
जनता दरबार में 63 मामलों की सुनवाई हुई. उपायुक्त ने प्रत्येक मामले को सुना व संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया. कई मामलों का समाधान तत्काल मौके पर ही कर दिया गया. जनता दरबार में जमीन–जायदाद, जबरन कब्जा, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, शिक्षा, आपूर्ति विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, राजस्व, अंचल चंदनकियारी व अन्य आवेदन प्राप्त हुए. कई में त्वरित निर्णय लेते हुए लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया.दाखिल-खारिज शिविर का करें आयोजन
जनता दरबार में भूमि से जुड़े कई मामलों के आवेदन प्राप्त हुए. इस पर उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को आम लोगों की सुविधा के लिए विशेष दाखिल–खारिज शिविर लगाने का निर्देश दिया. कहा कि इस शिविर में लंबित मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. शिविर की तिथि एवं स्थल शीघ्र ही घोषित की जाएगी, ताकि आमजन आसानी से लाभान्वित हो सकें. उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनना व उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है. क्रमवार सभी समस्याओं का निदान किया जायेगा. मौके पर डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग पीयूष, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




