Bokaro News : झारखंड प्रगति के पथ पर बढ़ते हुए देश के मानचित्र पर हो रहा सुशोभित : योगेंद्र प्रसाद

Published at :27 Jan 2025 11:38 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : झारखंड प्रगति के पथ पर बढ़ते हुए देश के मानचित्र पर हो रहा सुशोभित : योगेंद्र प्रसाद

Bokaro News : पुलिस लाइन मैदान में हुआ 76वें गणतंत्र दिवस का आयोजन, पेयजल व स्वच्छता, उत्पाद व मद्य निषेध मंत्री ने किया झंडोत्तोलन, 12 प्लाटूनों ने की परेड

विज्ञापन

बोकारो, 76वें गंणतंत्र दिवस के अवसर पर रविवार को बोकारो में शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया. जिला प्रशासन की ओर से सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में मुख्य आयोजन किया गया. पेयजल व स्वच्छता, उत्पाद व मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने झंडोत्तोलन किया. तिरंगा को सलामी दी. मंत्री श्री प्रसाद ने कहा कि देश विकास की उचांइयों को छू रहा है, वहीं झारखंड प्रगति के पथ पर बढ़ते हुए देश के मानचित्र पर सुशोभित हो रहा है. सरकार की विकास योजनाओं ने जहां राज्य व जिला की तस्वीर बदली है, वहीं आम जनमानस के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है. इससे पहले उन्होंने विभिन्न प्लाटूनों के परेड का निरीक्षण किया.

बोकारो जिले में 3.75 लाख से अधिक को मिल रहा है मंईयां सम्मान का लाभ

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने झारखंड विधानसभा चुनाव को भयमुक्त व निष्पक्ष वातावरण में कराने को लेकर संबंधित पदाधिकारी व कर्मियों को बधाई दी. मंत्री ने कहा कि सरकार गठन के बाद सभी वादा निभाने का काम हो रहा है. कहा कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत बोकारो जिला में तीन लाख 75 हजार 187 को लाभ मिल रहा है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर चंदनकियारी प्रखंड के शहीद अग्निवीर स्व अर्जुन महतो के आश्रित बलराम महतो को नियुक्ति पत्र दिया गया.

तेनुघाट डैम पर्यटन के लिए विकसित, खेल को मिल रहा बढ़ावा

मंत्री श्री प्रसाद ने कहा कि बोकारो जिला ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा, आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा, विकास, योजना, कल्याण, चास नगर निगम व समाज कल्याण शाखा इत्यादि विभाग के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करते हुए विकास का नया आयाम स्थापित किया गया है. खेलकूद व पर्यटन विभाग की ओर से 54 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन स्थल तेनुघाट डैम के विकास के लिए कार्य की स्वीकृति दी गयी है. चंदनकियारी प्रखंड में अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक ट्रैंक का निर्माण किया गया है. खेल के क्षेत्र में राज्य व जिला का नाम रोशन करते हुए दीपक टोप्पो, उपेंद्र उरांव ने रिले रेस में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है. इसी क्षेत्र में आवासीय प्रशिक्षण केंद्र चंदनकियारी बोकारो के प्रशिक्षु निशांत गोल्डी ने 14 बालक वर्ग मे 4×100 मी रिले रेस मे कास्य पदक प्राप्त किया. मंत्री ने कहा कि पीभीटीजी डाकिया योजना के तहत गोमिया प्रखंड के 85 आदिम जनजाति परिवारों को 35 किलोग्राम अनाज निःशुल्क, प्रति कार्ड 01 किलोग्राम नमक व 01 किलोग्राम चीनी निःशुल्क उनके घर जाकर उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके अतिरिक्त 16 मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र संचालन कर प्रतिदिन लगभग 2900 लाभुकों को पांच रूपये अनुदानित दर पर भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.

भतुआ से तेलमच्चो पुल तक लगी 100 स्ट्रीट लाइट

मंत्री ने बताया कि जिला योजना अनाबद्व निधि के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में 41 योजना का कार्यान्वयन कराया जा रहा है, जिसकी लागत 56.34050 लाख रुपया है. भतुआ से तेलमच्चो ब्रिज तक 84.96 लाख की लागत से 100 स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन कराया गया. मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत वर्ष 2024-25 में 495 लाभुक को 509,866,460 रुपये का स्वरोजगार ऋण दिया गया. चास नगर निगम क्षेत्र में अभी तक 20,000 घर को वर्षा जल संचयन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है.

12 प्लाटून ने परेड में लिया हिस्सा

समारोह में 12 प्लाटूनों ने हिस्सा लिया. इसमें सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स का एक, सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स का एक, झारखंड आर्म्ड पुलिस फोर्स का एक, जिला सशस्त्र बल पुरुष का एक, जिला शस्त्र बल महिला का एक, होम गार्ड फोर्स का एक, नेशनल कैडेट कॉर्प्स बीआइवी स्कूल सेक्टर 02 का एक, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का एक, जीजीपीएस विद्यालय का एक, एमजीएम विद्यालय का एक, दी पेंटीकॉस्टल एसेंबली विद्यालय का एक, लकड़ाखंदा स्कूल सेक्टर टू शामिल था. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने बैंड डिस्पले किया. बेहतर प्रदर्शन करने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चास व सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स की अगुवाई कर रहे प्लाटून कमांडर को शिल्ड देकर पुरस्कृत किया गया.

विभिन्न विभागों ने निकाली झांकियां, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को प्रथम स्थान

गणतंत्र दिवस समारोह में नगर निगम चास, बियाडा,स्वास्थ्य विभाग, मत्स्य विभाग, सहकारिता विभाग-आपूर्ति विभाग, गव्य एवं पशुपालन, कल्याण विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, कृषि-एलडीएम-नाबार्ड विभाग, सड़क सुरक्षा-परिवहन विभाग, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, अग्निशमन विभाग, पुलिस विभाग, जिला सूचना व जनसंपर्क विभाग, जेएसएलपीएस ने क्रमवार विभाग में संचालित योजना व उपलब्धियों की झांकी निकाली. झांकियों में प्रथम स्थान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, द्वितीय स्थान जिला परिवहन पदाधिकारी व तृतीय स्थान नगर निगम चास व सामाजिक सुरक्षा विभाग ने प्राप्त किया.

आंदोलनकारी, कर्मी, खिलाड़ी, गोताखोर हुए सम्मानित

मुख्य अतिथि मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने बेहतर कार्य करन वाले सेविका सहायिका,कर्मियों, खिलाड़ियों, खेतको के गोताखोरों आदि को सम्मानित किया. इससे पूर्व झारखंड आंदोलन में महत्ती भूमिका अदा करने वाले झारखंड आंदोलनकारी पेटरवार प्रखंड के महानंद कुमार, मनोहर मुर्मू को सम्मानित किया गया.

ये थे मौजूद

मौके पर पुलिस महानिरीक्षक डॉ माइकल राज, उप महानिरीक्षक कोयला प्रक्षेत्र सुरेंद्र झा, उपायुक्त विजया जाधव, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, डीडीसी गिरजा शंकर प्रसाद, अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार, डीआरडीए निदेशक मनेका, अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढ़ांडा, जिला परिवहन पदाधिकारी वंदना शेजवलकर, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता, जिला सहकारिता पदाधिकारी श्वेता गुड़िया, जिला भू अर्जन पदाधिकारी द्वारिका बैठा, जिला कल्याण पदाधिकारी एनएस कुजूर, जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो, जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ मनोज मणि, सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक पीयूष, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह व अन्य मौजूद थे.

डीसी व अन्य अधिकारियों ने किया ध्वजारोहण

डीसी विजया जाधव ने गोपनीय कार्यालय व समाहरणालय परिसर, रेड क्रास भवन व जियाडा कार्यालय में झंडोत्तोलन किया. तिरंगा को सलामी दी. वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने झंडोत्तोलन किया. उप विकास आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद ने आवासीय परिसर में झंडोत्तोलन किया. अपर नगर आयुक्त संजीव कुमार ने कार्यालय परिसर व अनुमंडल पदाधिकारी-चास प्रांजल ढ़ांडा ने गोपनीय कार्यालय परिसर,अनुमंडल कार्यालय चास व बाजार समिति चास में झंडोत्तोलन किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola