Bokaro News : वैकेंसी कैलेंडर जारी करे बीएसएल प्रबंधन

Bokaro News : उपायुक्त ने विस्थापित अप्रेंटिस संघ व बीएसएल के पदाधिकारियों के साथ की बैठक, बोले उपायुक्त : हर समस्या का समाधान केवल संवाद व विचार-विमर्श से ही संभव.
बोकारो, समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को विस्थापित अप्रेंटिस संघ व बीएसएल पदाधिकारियों के साथ उपायुक्त अजय नाथ झा ने विभिन्न विषयों पर बैठक की. उपायुक्त ने कहा कि शीघ्र ही बीएसएल प्रबंधन श्रमिकों, अप्रेंटिस अभ्यर्थियों व विस्थापित परिवारों के हित में ठोस और प्रभावी कदम उठायें. हर समस्या का समाधान केवल संवाद और विचार-विमर्श से ही संभव है. उन्होंने बीएसएल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी मुद्दों पर खुले मन से चर्चा करें समग्र दृष्टिकोण अपनाएं. रोजगार के अवसर सृजन के लिए वैकेंसी कैलेंडर जारी करना बीएसएल प्रबंधन की जिम्मेदारी है, जिससे पारदर्शिता व भरोसा दोनों कायम रहेगा. इस दौरान अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी ने पारदर्शिता के साथ जिला प्रशासन की ओर से अब तक की गयी कार्रवाई से सभी सदस्यों को अवगत कराया.
अप्रेंटिस अभ्यर्थियों के लिए हेल्प डेस्क की करें स्थापना
उपायुक्त ने कहा कि चिन्हित अप्रेंटिस प्रशिक्षित अभ्यर्थियों के कंपनी में योगदान में सहयोग प्रदान करने के लिए बीएसएल हेल्प डेस्क स्थापित करे. यह हेल्प डेस्क उनके योगदान से संबंधित सभी कार्य व दस्तावेज को जमा करने में सहायता करेगा. उपायुक्त ने कहा कि सभी 200 चिन्हित अभ्यर्थी 30 सितंबर तक योगदान अवश्य करें, ताकि उन्हें समय पर लाभ मिल सके. साथ ही, सभी 200 चिन्हित अभ्यर्थियों की सूची की हस्ताक्षर युक्त काॅपी बीएसएल को जिला नियोजन पदाधिकारी को सौंपने एवं आगे से इसे सुनिश्चित करने को कहा.बेहतर औद्योगिक माहौल व विस्थापितों का कल्याण
उपायुक्त ने बीएसएल से कहा कि उद्योग और प्रशासन के समन्वय से ही बेहतर औद्योगिक माहौल तैयार किया जा सकता है. उन्होंने सुझाव दिया कि बीएसएल विस्थापित परिवारों के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित करें. यह न केवल उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान में सहायक होगा, बल्कि उन्हें उनके स्व-अधिकार की प्राप्ति जैसा अहसास भी देगा. योजनाओं का चयन उनके जरूरतों-आवश्यकताओं की समीक्षा कर करने को कहा. उन्होंने इसमें अंब्रेला अप्रोच नीति (बॉटम टू टॉप) अपनाने की बात कही.आउटसोर्स श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना तैयार करें
उपायुक्त ने बीएसएल प्रबंधन को निर्देशित किया कि 10 दिनों के भीतर आउटसोर्स श्रमिकों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा बीमा योजना तैयार करें. उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिक सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. उन्होंने आश्वासन दिया कि योजना निर्माण व क्रियान्वयन में जिला प्रशासन पूरा सहयोग करेगा. उन्होंने अपर समाहर्ता को इसमें सिविल सर्जन एवं अन्य बीमा कंपनियों के साथ विचार–विमर्श एवं बीएसएल से समन्वय का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार में कई ऐसे मामले सामने आते हैं कि कार्य करने के दौरान किसी आउटसोर्स श्रमिक का पैर-हाथ कट गया, आंखों की रोशनी चली गयी… और वह दिव्यांग हो गया. ऐसी घटनाएं हजारों श्रमिकों में एक-दो को होती है, क्या हमारे उद्योग कोई ऐसी नीति नहीं बना सकती कि दुर्घटना के बाद भी हम इन श्रमिकों का देखभाल-जीवन यापन के लिए मुआवजा व अतिरिक्त सुविधा दे सके. उन्होंने कहा कि कंपनियों को ऐसे श्रमिकों को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाना चाहिए, उन्हें सब सुविधा देनी चाहिए. ताकि, वह बोल सकें कि मेरे साथ हुए घटना के बाद उनका संस्थान उनके- उनके परिवार के साथ खड़ा है. उपायुक्त ने बैठक से ही सभी निजी-सरकारी कंपनियों को इस दिशा में पहल करने को कहा.श्रमिकों को सुरक्षित आवासीय व्यवस्था नीति बनायें
आउटसोर्स श्रमिकों की आवासीय सुविधा पर भी चर्चा हुई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बीएसएल आउटसोर्स श्रमिकों के लिए प्लांट से सुरक्षित दूरी पर आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सम्मानजनक और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना उनका मूलभूत अधिकार है. इसके लिए उन्होंने एक माह में नीति तैयार करने की बात कही.शहीद प्रेम महतो के स्मारक के लिए भूमि होगी चिह्नित
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहीद प्रेम महतो स्मारक के लिए चिन्हित भूमि का प्रशासन व बीएसएल द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा. निरीक्षण उपरांत चयनित स्थान को औपचारिक रूप से घोषित किया जायेगा. उपायुक्त ने कहा कि शहीद के सम्मान में यह कदम सामाजिक व ऐतिहासिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है. वहीं, शहीद प्रेम महतो के भाई को मिले ऑफर लेटर को स्वीकार करते हुए योगदान करने की बात कहीं.ये थे मौजूद
मौके पर एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, जिला श्रम अधीक्षक रंजीत कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी प्रत्यूष रंजन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, बीएसएल के मनीष जलोटा, अंजनी कुमार सारन, प्रभाकर कुमार, सैय्यद आरिफ हुसैन, उज्जवल कुमार व विस्थापित अप्रेंटिस संघ के गुलाम जिलानी, दुर्गा चरण महतो, चंद्रकांत महतो, प्रदीप सोरेन, अशोक कुमार महतो, अजय कुमार, प्रदीप कुमार महतो व अन्य मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




