बोकारो में सनकी युवक ने खेत में धान रोपने जा रहे वृद्ध दंपत्ति को कुल्हाड़ी से काट डाला, बहू गंभीर, आरोपी गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

रोते बिलखते परिजन और घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों की लगी भीड़

बोकारो के नावाडीह में धान रोपाई करने जा रहे एक वृद्ध दंपत्ति पर गांव के युवक ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना में वृद्ध दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

नावाडीह से मनोज वर्णवाल की रिपोर्ट

Bokaro Crime News, बोकारो : बोकारो के नावाडीह से मुंगोरंगामाटी मुख्य मार्ग पर बस्तेजिया और कुकरलिलवा के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. खेत में धान का बीज लेकर रोपाई करने जा रहे एक ही परिवार पर गांव के ही एक सनकी युवक ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में वृद्ध दंपत्ति की मौके पर ही गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि उनकी बहू गंभीर रूप से घायल हो गई है. मृतकों की पहचान नावाडीह निवासी जानकी महतो (70 वर्ष) और उनकी पत्नी सुगिया देवी (62 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं, हमले में उनकी बहू गोरी देवी (पति: कोलेश्वर महतो, 45 वर्ष) पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया.

घायल बहू की हालत चिंताजनक

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल गोरी देवी को नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया. वहां डॉ. धनेश रजक द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चास रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है.

ये भी पढ़ें: JPSC Scam: भारी बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे सोया रहा रामगढ़ का ब्रह्मानंद, 5 और छात्र भूख हड़ताल पर

पुलिस ने आरोपी को हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी के साथ किया गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, एएसआई मिथिलेश सिंह और विमल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी राजू सिंह (40 वर्ष, निवासी: बस्तेजिया) को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है.

गांव में पसरा मातम, जन प्रतिनिधियों ने परिजनों को बंधाया ढांढस

दिनदहाड़े हुई इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही आसपास के दर्जनों गांवों से ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही झामुमो के युवा नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू, नावाडीह मुखिया किरण देवी, पंचायत समिति सदस्य निर्मल महतो, सांसद प्रतिनिधि जयलाल महतो (जैली), सुरेश महतो, भाजपा नेता दशरथ महतो और विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया.

ये भी पढ़ें: JPSC Scam पर CM हेमंत का बयान: 'हम सीना चीरकर नहीं दिखा सकते, जांच रिपोर्ट आने दें... छात्रों को मिलेगा न्याय'


विज्ञापन
समीर उरांव

लेखक के बारे में

By समीर उरांव

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola