JPSC Scam पर CM हेमंत का बयान: 'हम सीना चीरकर नहीं दिखा सकते, जांच रिपोर्ट आने दें... छात्रों को मिलेगा न्याय'
जेपीएससी में शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद मीडिया के सामने अपनी बात रखते सीएम हेमंत सोरेन, Pic Credit- Hemant Soren X Handle
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और छात्रों को न्याय मिलेगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार छात्रों और राज्य की जनता को अवगत कराएगी.
रांची : सीएम हेमंत सोरेन ने पहली बार जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से देख रही है और छात्रों को न्याय मिलेगा. उन्होंने कहा कि सरकार के पास आंख और कान भी हैं. सरकार संवेदनशील है. सरकार सबकी चिंता करती है, लेकिन हर बात को सार्वजनिक रूप से बताना संभव नहीं होता है. वह नेमरा में मंगलवार को दिशोम गुरु की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवालों पर जवाब दे रहे थे. इधर पद्मभूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव नेमरा में हजारों लोग श्रद्धांजलि देने उमड़े थे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण नेमरा पहुंचे. पैतृक गांव से पांच किमी दूर बरलंगा के लुकैयाटांड में दिशोम गुरु की 15 फीट आठ इंच की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया.
सरकार को सबकी चिंता मुख्यमंत्री : हेमंत सोरेन
शिबू सोरेन के पुण्यतिथि के मौके पर विकास मेला और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मैंने पहले भी कहा है कि सरकार को सबकी चिंता भी है. हम कितनी गंभीरता के साथ चीजों को देख रहे हैं, यह सीना चीरकर नहीं दिखा सकते हैं. लेकिन इतना जरूर है कि जिस विषय के पीछे हम विशेष रूप से पड़ते हैं, उसे ठीक करके ही दम लेते हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच में लगी एजेंसियां दिन-रात काम कर रही हैं. सरकार जांच दल की रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार पूरे मामले से छात्रों और राज्य की जनता को अवगत करायेगी. मुख्यमंत्री ने भरोसा जताते हुए कहा कि सरकार संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई करेगी. छात्रों के साथ न्याय होगा और सरकार इस दिशा में पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC पेपर लीक के विरोध में JLKM का धनबाद में धरना, रांची में छात्र आंदोलन को दिया समर्थन
युवा नयी ताकत से आगे बढ़ रहे : सीएम हेमंत सोरेन
समारोह में सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारी एकजुटता ही ताकत है. हमे एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखना होगा. आज ऐसे भी तत्व है, जो हमें एक नहीं होने देते. नये-नये मुद्दे लाकर जहर घोलते हैं. आज नयी पीढ़ी का दौर है. युवा नयी ताकत से आगे बढ़ रहे हैं. लेकिन कुछ बुराइयां भी है. नयी पीढ़ी को रास्ते पर लाना होगा, जिससे वह भटकें नहीं. पिता शिबू सोरेन को याद करते हुए सीएम भावुक हुए और कहा कि आज का दिन हमारे परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और देश के आदिवासी, दलित व पिछड़ों के लिए पीड़ादायक है.
मुख्यमंत्री छात्र मुद्दे पर संवेदनशील : कल्पना
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन पर कहा है कि सीएम हेमंत सोरेन इस मुद्दे पर काफी संवेदनशील है. राज्य सरकार समाधान निकालने के लिए गंभीरता से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि छात्रों की चिताओं से सरकार पूरी तरह अवगत है.
ये भी पढ़ें: रांची में अधूरे सड़क निर्माण से बढ़ी मुश्किलें, खुले गड्ढों से दुर्घटना का डर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










