बोकारो एयरपोर्ट को लेकर AAI का पत्र वायरल, उड़ान शुरू होने का इंतजार बरकरार

13 | Prabhat Khabar Network
बोकारो एयरपोर्ट के विकास पर 80 करोड़ खर्च होने के बाद भी उड़ान सेवा शुरू होने पर संशय बरकरार है। जानिए एएआई के जवाब में क्या है पूरी सच्चाई।
बोकारो: एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया ने बोकारो विधायक को बोकारो हवाई अड्डे के विकास व परिचालन तत्परता की स्थिति के संबंध जवाब दिया है. 15 जुलाई को प्राप्त पत्र में बोकारो एयरपोर्ट के विकास गाथा के बारे में बताया गया है.
लेकिन, इसका स्पष्ट जवाब नहीं मिला कि आखिर उड़ान कब शुरू होगी. पत्र में लिखा गया है कि बोकारो हवाई अड्डे का प्रबंधन भारतीय विमानन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से नहीं किया जाता है, बल्कि यह हवाई अड्डा भारतीय इस्पात प्राधिकरण के स्वामित्व व विकास में है.
पत्र में बताया गया है कि रनवे, टर्मिनल भवन व संबंधित सुविधाओं से संबंधित अवसंरचना विकास कार्य अप्रैल 2022 तक पूरा हो चुका था. उड़ान योजना के अंतर्गत बोकारो हवाई अड्डे को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना उड़ान के लिए चिन्हित किया गया है. बोकारो हवाई अड्डे के विकास के लिए 80.03 करोड़ रुपया की राशि स्वीकृत की गई है, इसमें से 79.59 करोड़ रुपया हवाई अड्डे की अवसंरचना के विकास पर पहले ही खर्च किए जा चुके हैं.
वही पुराना राग, वही कहानी
पत्र में बताया गया है कि बोकारो से पटना व कोलकाता के उड़ान होना प्रस्तावित है. मेसर्स एलायंस एयर व मेसर्स स्पाइसजेट की ओर से कोलकाता व पटना के लिए उड़ान का प्रारंभ बोकारो हवाई अड्डे पर लंबित सुरक्षा उपायों के पूर्ण होने पर निर्भर करता है. मतलब, पत्र में साफ-साफ निर्भरता को इंगित करता है.
एक समस्या दूर, कई समस्या की चर्चा
एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया की ओर से लिखे पत्र में विशेष रूप से, राज्य सरकार की ओर से सतनपुर पहाड़ी पर बाधा रोधी लाईट लगाने की उपलब्धि बतायी गयी. लेकिन, उड़ान को लेकर पुरानी समस्या को फिर से इंगित किया गया है.
पत्र में बताया गया है कि नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो की ओर से अंतिम परिचालन स्वीकृति से पहले परिचालन क्षेत्र में क्षतिग्रस्त बाड़, बाधा उत्पन्न करने वाले कांच के पैनल व घनी वनस्पति सहित सुरक्षा संबंधी खामियों को दूर करने की आवश्यकता है.
आखिर सोशल मीडिया पर क्यों कराया जा रहा है पत्र वायरल
15 जुलाई को एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड की ओर से बोकारो विधायक श्वेता सिंह को पत्र का जवाब दिया गया है. इसके बाद 30 जुलाई की शाम से यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है.
जबकि, पत्र में कोई भी नयी जानकारी या उड़ान शुरू होने संबंधित स्पष्ट घोषणा नहीं है. यहां तक कि डीजीसीए की टीम का दौरा कब होगा, इसकी भी जानकारी नहीं दी गयी है. पत्र को बोकारो विधायक के कई समर्थक साझा कर रहे हैं.
इसी सप्ताह अधिकारियों का हुआ था दौरा
इसी मंगलवार (28 जुलाई) को रांची एयरपोर्ट के डायरेक्टर एसपी सिन्हा ने बोकारो हवाई अड्डे का भौतिक निरीक्षण किया था. उन्होने बताया था कि एयरपोर्ट का 90% काम पूरा हो चुका है. लाइसेंस के लिए प्रक्रिया की जा रही है.
उम्मीद है कि जल्द से जल्द उड़ान सेवा शुरू होगी. 28 जुलाई को टीम का दौरा हुआ व 30 जुलाई को बोकारो विधायक को 15 जुलाई को जवाब स्वरूप लिखे एयरपोर्ट ऑथोरिटी के पत्र को सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










