Bokaro News : ढोरी में सीसीएल कर्मी के क्वार्टर से दिनदहाड़े 27 लाख की संपत्ति चोरी

Published at :16 Feb 2025 12:54 AM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : ढोरी में सीसीएल कर्मी के क्वार्टर से दिनदहाड़े 27 लाख की संपत्ति चोरी

Bokaro News :बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत रीजनल हॉस्पिटल कॉलोनी ढोरी में सीसीएल कर्मी उद्धेश्वर सिंह के क्वार्टर (बी-1) से शनिवार को दिन दहाड़े 27 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो गयी.

विज्ञापन

फुसरो. बेरमो थाना क्षेत्र अंतर्गत रीजनल हॉस्पिटल कॉलोनी ढोरी में सीसीएल कर्मी उद्धेश्वर सिंह के क्वार्टर (बी-1) से शनिवार को दिन दहाड़े 27 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो गयी. सूचना पाकर पहुंचे थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने डॉग स्क्वायड को बुलाया, पर कोई खास सुराग नहीं मिल पाया. घटना के संबंध में श्री सिंह ने बताया कि दोपहर लगभग 01:20 बजे वह अपनी पत्नी पूनम देवी के साथ बाजार गये थे. बाजार का काम कर वह सीसीएल बीएंडके एरिया के करगली फिल्टर प्लांट अपनी ड्यूटी पर चले गये. लगभग आधे घंटे बाद जब उनकी पत्नी वापस क्वार्टर लौटीं, तो दरवाजे में लगा ताला टूटा हुआ मिला. घर के अंदर जाने पर देखा कि आलमारी खुली हुई थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था. आलमारी में रखे गये लगभग 25 लाख के जेवरात और नगद दो लाख रुपये गायब थे. श्री सिंह ने बताया कि दो माह बाद छोटे बेटे राजेश सिंह की शादी होने वाली है. इसके लिए एक सप्ताह पहले पुत्रवधू को देने के लिए 4.50 लाख के जेवरात खरीदे थे वह भी चोर ले गये. श्री सिंह का पैतृक गांव बिहार के लक्ष्मणपुर बाथे है. घटना के बाद श्री सिंह की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है.

कॉलोनीवासियों में आक्रोश

दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से कॉलोनी वासियों में आक्रोश दिखा. लोगों ने कहा कि इससे पूर्व भी कॉलोनी के चार क्वार्टरों में चोरी की घटनाएं हुई थीं, लेकिन अभी तक किसी का उद्भेदन नहीं हो पाया. चोरों को पकड़ने व चोरी रोकने में पुलिस पूरी तरह से विफल है. लोगों ने कहा कि अगर मामले का उद्भेदन जल्द नहीं हुआ, तो एसपी से मिल कर सुरक्षा व न्याय की मांग की जायेगी.

कब-कब हुई चोरी

बेरमो थाना क्षेत्र के नया रोड फुसरो में आठ दिसंबर 2024 को ज्वेलरी दुकान से नकाबपोश चोरों ने 80 हजार रुपये के जेवरात की चोरी की थी. दुकान के सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश चोर कैद हो गये थे, लेकिन दो माह बाद भी घटना का उद्भेदन नहीं हो पाया है. 31 दिसंबर 2024 को रीजनल हॉस्पिटल कॉलोनी, ढोरी के सीसीएल ढोरी एरिया के कल्याणी में माइनिंग सरदार संत विश्वकर्मा व अभिषेक शर्मा, केंद्रीय अस्पताल ढोरी के सीनियर फार्मासिस्ट अजय कुमार झा व नर्स अशोक भालोटिया के बंद आवासों से लाखों रुपये के जेवरात सहित नगदी की चोरी हुई थी. पुलिस डेढ़ माह बाद भी उद्भेदन नहीं कर पायी है.

बोले थानेदार बेरमो के थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस सुराग जुटाने व चोरों को पकड़ने के लिए हर पहलु पर जांच की जा रही है. जल्द ही घटना का उद्भेदन कर लिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola