बोकारो : जून में फुदनीडीह सब स्टेशन होगा चालू छंट जायेगा चास में छाया हुआ अंधकार
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
चास : फुदनीडीह सब स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है. जून तक इसे हर हाल में चालू करा लिया जायेगा. इसके बाद चास व आसपास के क्षेत्रों में अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या दूर हो जायेगी. यह बातें चास सर्किल के विद्युत अधीक्षण अभियंता प्रतोष कुमार ने बुधवार को ‘प्रभात खबर’ से विशेष बातचीत […]
विज्ञापन
चास : फुदनीडीह सब स्टेशन का निर्माण कार्य प्रगति पर है. जून तक इसे हर हाल में चालू करा लिया जायेगा. इसके बाद चास व आसपास के क्षेत्रों में अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या दूर हो जायेगी. यह बातें चास सर्किल के विद्युत अधीक्षण अभियंता प्रतोष कुमार ने बुधवार को ‘प्रभात खबर’ से विशेष बातचीत में कही.
उन्होंने बताया कि डीवीसी चंद्रपुरा से फुदनीडीह सब स्टेशन को 33 मेगावाट का लाइन दिया जायेगा. तार लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है. सिर्फ तीन किमी और तार लगाना बाकी है. तार को नदी व रेलवे क्रॉसिंग पार कराने के लिए रेलवे से स्वीकृति मिल गयी है. सबस्टेशन में ब्रेकर सहित अन्य उपकरण लगा दिये गये हैं. विभाग की ओर से पावर ट्रांसफाॅर्मर मिलते ही लगा दिया जायेगा.
55 मेगावाट की है जरूरत, अभी मिली रही 40 मेगावाट : श्री कुमार ने बताया कि चास में नियमित आपूर्ति के लिए 55 मेगावाट बिजली की जरूरत है. फिलहाल चास सब स्टेशन को चंद्रपुरा डीवीसी मेन लाइन व बियाडा टाइ लाइन से 20-20 मेगावाट बिजली मिल रही है. गर्मी में बिजली की खपत बढ़ गयी है. इसके कारण क्षेत्र में नियमित रूप से बिजली आपूर्ति करने में परेशानी हो रही है. फीडरों में कटौती कर विद्युत आपूर्ति की जा रही है. फुदनीडीह सब स्टेशन चालू होते ही 15 मेगावाट बिजली चास व आसपास के क्षेत्रों को अतिरिक्त मिलने लगेगी. साथ ही चास विद्युत सब स्टेशन में बियाडा से तीसरी सर्किट के रूप में लाने की तैयारी की जा रही है. इस सर्किट में तार लगाने का काम शुरू कर दिया गया है.
आज कई इलाकों में चार घंटे रहेगी बिजली गुल
चास और रीगल फीडर से जुड़े मेन रोड, मुस्लिम मुहल्ला, अभिमन्यू नगर, पटेल नगर, वंशीडीह, तारानगर, शिवपुरी कॉलोनी, कृष्णापुरी कॉलोनी में गुरुवार को दिन बजे से दोपहर दो बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी. इस दौरान इन क्षेत्रों में विद्युत विभाग की ओर से जर्जर तार व पोल बदले जायेंगे. जेइ चंद्रगुप्त बिरौली ने यह जानकारी दी.
छह पर बिजली चोरी का केस
चास विद्युत विभाग की ओर से बुधवार को चास, सेक्टर-12 व बालीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चला कर छह लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का केस किया गया. इसमें सौरभ कुमार, जयप्रकाश तिवारी, विजय कुमार, लालधारी शर्मा, रविश किशोर प्रसाद व मनोज कुमार सिंह शामिल हैं. इन पर 69,595 रुपया का जुर्माना भी किया गया. यह कार्रवाई शहरी सहायक विद्युत अभियंता सदन लाहा की देखरेख में हुई. चास थाना क्षेत्र में जेइ सत्यम कुमार और सेक्टर 12 थाना क्षेत्र में जेइ श्रीराम शर्मा के नेतृत्व में अभियान चला.
कांग्रेस की चेतावनी, समस्या दूर नहीं हुई तो होगा आंदोलन
चास में बढ़ रही पेयजल और बिजली समस्या को देखते हुए चास नगर कांग्रेस कमेटी की बैठक बुधवार को रणविजय स्मारक महाविद्यालय के परिसर में हुई. अध्यक्षता चास नगर अध्यक्ष जमील अख्तर व संचालन वनमाली दत्ता ने किया. निर्णय लिया गया कि कांग्रेस नगर कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल 27 अप्रैल को अधीक्षण अभियंता से मिल कर बिजली समस्या का समाधान की मांग करेगा. 10 दिनों के अंदर स्थिति नहीं सुधरी तो जोरदार आंदोलन किया जायेगा. वक्ताओं ने कहा कि 24 घंटे में मात्र आठ-नौ घंटे ही बिजली मिल रही है. प्रत्येक घंटे में कई बार बिजली की कटौती हो रही है. इससे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है. वहीं, पूरे चास क्षेत्र में पेयजल की विकट समस्या उत्पन्न हो गयी है. चापाकल और डीप बोरिंग खराब हैं, मगर इस ओर किसी का ध्यान नहीं है. बैठक में मागाराम स्वर्णकार, प्रदीप दे, शोभा पांडे, सुनील स्वर्णकार, संगीता देवी, परमेश्वर, अशोक पांडे, गोपाल स्वर्णकार, सत्यजीत गोस्वामी, विनय दत्ता, उमानंद स्वर्णकार, त्रिलोचन स्वर्णकार, भोलानाथ पाल आदि मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










