प्रत्याशी बने दावों के शेर, वोटर करेंगे उनको ढेर
Edited by Prabhat Khabar Digital Desk
Updated:
विज्ञापन
बेरमो :फुसरो नगर परिषद क्षेत्र नगर निकाय चुनाव की गहमागहमी से एक माह तक गुलजार रहा. एक अध्यक्ष पद के लिए 19, एक उपाध्यक्ष पद के लिए 14 तथा 28 वार्ड वार्षदों के लिए 171 यानी कुल 30 पदों के लिए मैदान में 204 प्रत्याशी डंटे हैं. कुल 30 उम्मीदवारों के लिए हो रहे इस […]
विज्ञापन
बेरमो :फुसरो नगर परिषद क्षेत्र नगर निकाय चुनाव की गहमागहमी से एक माह तक गुलजार रहा. एक अध्यक्ष पद के लिए 19, एक उपाध्यक्ष पद के लिए 14 तथा 28 वार्ड वार्षदों के लिए 171 यानी कुल 30 पदों के लिए मैदान में 204 प्रत्याशी डंटे हैं. कुल 30 उम्मीदवारों के लिए हो रहे इस चुनाव में सभी 304 प्रत्याशी जीत का दावा कर रहे हैं, हार मानने को कोई भी तैयार नहीं. सोमवार को मतदान के दिन दावों के इन शेरों को वोटर ढेर करेंगे. चुनाव का समय प्रात: सात बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है.
महिलाओं की दिलचस्पी बड़े पदों में नहीं : कुल 204 प्रत्याशियों में आधी आबादी की प्रत्याशियों की तादाद 98 है. इनमें 96 प्रत्याशी वार्ड के लिए लड़ रही हैं और अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष के लिए क्रमश: एक-एक महिलाएं मैदान में हैं. यानी आधी आबादी की दिलचस्पी अध्यक्ष-उपाध्यक्ष जैसे बड़े पदों में नहीं. जमीनी लड़ाई में यकीन रखने वाली महिलाएं वार्ड चुनाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न बनाकर मैदान में डंटी हुई हैं. अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर सात-सात प्रत्याशी दलीय आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं. अपने समीकरणों व वार्डों में पहुंच के कारण अनुमान है कि ये निर्दलीय प्रत्याशी बड़ी पार्टियों के लिए सरदर्द बनेंगे.
नामांकन के बाद इन्होंने छोड़े मैदान : नामांकन वापसी के अंतिम दिन अध्यक्ष के दो, उपाध्यक्ष के एक और वार्ड पार्षद पद के आठ प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान छोड़ दिया था. इनमें अध्यक्ष पद पर महारूद्र नारायण सिंह व बैजनाथ सिंह, उपाध्यक्ष पद पर देवानंद दुबे के अलावा वार्ड पार्षद पद पर वार्ड संख्या 4 से नीरू देवी, वार्ड संख्या 8 से सहेंद्र चौहान, वार्ड संख्या 9 से प्रदीप कुमार चौहान, वार्ड संख्या 13 से नरेश शर्मा, मनोज कुमार सिंह, वार्ड संख्या 15 से संदीप कुमार, वार्ड संख्या 16 से नुतन देवी, वार्ड संख्या 21 से तारा देवी ने अपना नाम वापस लिया था. इसके बाद अध्यक्ष पद पर 19, उपाध्यक्ष पद पर 14, वार्ड पार्षद पद पर 171 प्रत्याशी मिलाकर कुल 204 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गये थे. इनमें महारुद्र ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष दोनों के लिए नामांकन दाखिल किया था. अध्यक्ष के लिए नाम वापसी के बाद व उपाध्यक्ष के लिए मैदान में डंटे रहे.
प्रचार में कोई कसर बाकी नहीं : नप चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में अपनी ओर से कोई कसर बाकी नहीं रखी. किसी प्रत्याशी का एक तो किसी के दो-दो प्रचार वाहन सभी 28 वार्डों में लगे रहे. इसके अलावा बैनर, पोस्टर, फ्लैक्स, पंपलेट में भी प्रत्याशियों ने काफी खर्च किया. साथ ही राजनीतिक दलों ने अपने पार्टी समर्थकों तो निर्दलीय ने अपने समर्थकों को पूरे प्रचार अभियान तक खाने-पीने सहित पॉकेट खर्च तक का ख्याल रखा. प्रत्याशियों के बाइक जुलूस पर भी काफी खर्च किये गये. एक आकलन के अनुसार फुसरो नप चुनाव में दो करोड़ रु से ज्यादा खर्च का अनुमान है. चुनाव के दिन बूथ पर बैठने वालों को भी न्यूनतम एक हजार से लेकर अधिकतम चार-चार हजार रु तक दिये जाने की चर्चा है.
भाजपा व कांग्रेस ने झोंकी ताकत : पूरे चुनाव में बड़ी राष्ट्रीय पार्टियों में भाजपा व कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में पूरी ताकत झोंक दी. भाजपा के पक्ष में जहां भाजपा के महामंत्री, संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा, सांसद पीएन सिंह, रवींद्र कुमार पांडेय, विधायक योगेश्वर महतो बाटूल, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णलाव, भाजपा ओबीसी मोरचा के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत यादव सहित भाजपा का पूरा संगठन सक्रिय रहा. दूसरी ओर कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने बूथ व वार्ड प्रभारियों के साथ बैठक की. सीपीआई प्रत्याशी जवाहरलाल यादव के पक्ष में पूर्व मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने चुनाव प्रचार किया. अन्य दलों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने फेस व समर्थकों के सहारे यहां प्रचार किया. पूरे प्रचार में कहीं से समर्थकों के बीच किसी अप्रिय वारदात की खबर नहीं. प्रचार में व्यक्त यह सद्भाव बेरमो की साझी विरासत की नींव को और मजबूत कर गया.
वोटर भी लगे रहे हिसाब-किताब में : पार्टियों व प्रत्याशियों की ताकत झोकने व समीकरणों से दूर मतदाता इस सबसे हटकर अपने स्तर से हिसाब-किताब में लगा रहा. वेट से एक दिन पहले रविवार को दिन भर फुसरो नप के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर चुनावी रेस में रहने वाले प्रत्याशियों पर चर्चा होती रही. अध्यक्ष पद पर सीपीआइ के जवाहरलाल यादव, कांग्रेस के चुन्नु सिंह, निर्दलीय कृष्ण कुमार, अर्चना सिंह, भाजपा के जगरनाथ राम, झामुमो के भोलू खान,झामुमो उलगुलान के नरेश महतो के नाम पर काफी चर्चा हुई. दूसरी ओर उपाध्यक्ष पद पर महारुद्र नारायण सिंह, शिवलाल रविदास, छेदी नोनिया, कृष्ण कुमार चांडक, इंद्रजीत मुखर्जी का नाम प्रमुखता से सामने आ रहा है.
अध्यक्ष पद पर 12 दलीय प्रत्याशी
अभय कुमार शर्मा- झाविमो, आलमगीर खान- झामुमो, जगरनाथ राम- भाजपा, जवाहर लाल यादव- सीपीआई, नीलकंठ रविदास-बसपा, राकेश कुमार सिंह-कांग्रेस, संतोष कुमार महतो- आजसू पार्टी, नरेश महतो-झामुमो उलगुलान, अर्चना सिंह-निर्दलीय, इम्तियाज अंसारी-निर्दलीय, आर उनेश-निर्दलीय, उमेश रवानी-निर्दलीय, कृष्ण कुमार-निर्दलीय, गौतम कुमार सोनी-निर्दलीय, जितेंद्र तांती-निर्दलीय, बसंत कुमार सिंह-निर्दलीय, रामू दिगार-निर्दलीय, संजीत कुमार सिंह-निर्दलीय, संत सिंह-निर्दलीय
उपाध्यक्ष पद के सात निर्दलीय प्रत्याशी
मो इमरान- राजद, कृष्ण कुमार चांडक-बसपा, छेदी नोनिया- कांग्रेस, बैजनाथ महतो-झामुमो, महेश कुमार महतो-आजसू पार्टी, शिवलाल रविदास- भाजपा, मो हासीम अंसारी- झाविमो, इंद्रजीत मुखर्जी-निर्दलीय, कैलाश ठाकुर-निर्दलीय, दुर्गा देवी-निर्दलीय, प्रभाष चंद्र सिंह-निर्दलीय, महारूद्र नारायण सिंह-निर्दलीय, मेघु दिगार-निर्दलीय, राजीव कुमार सिंह-निर्दलीय
63 बूथों पर चुनाव को 441 कर्मी व 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
बोकारो. फुसरो नप चुनाव-2018 में प्रशासन सोमवार को मतदान कराने को पूरी तरह तैयार है. रविवार को 441 मतदानकर्मी सेक्टर 1 बी स्थित बीएसएल प्लस टू हाई स्कूल से इवीएम लेकर मतदान केंद्र को कूच कर गये. इनके साथ 12 सेक्टर दंडाधिकारी भी रवाना हुए. नगर परिषद फुसरो क्षेत्र को तीन क्लस्टर में बांटा गया है. इन क्लस्टरों में रविवार की शाम ही सभी मतदान कर्मी पहुंच गये.
63,458 वोटर तय करेंगे तकदीर: फुसरो नगर परिषद में 28 वार्डों के लिए कुल 63 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. हर मतदान केंद्र में अध्यक्ष पद के लिए दो बैलेट यूनिट व एक कंट्रोल यूनिट, उपाध्यक्ष पद के लिए एक बैलेट यूनिट व एक कंट्रोल यूनिट, वार्ड सदस्यों के लिए एक बैलेट यूनिट, एक कंट्रोल यूनिट बनायी गयी हैं.
सात बजे से बूथ में कर्मियों की तैनाती : मतदान सुबह 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक संपन्न होगा. इसके बाद सभी मतदानकर्मी क्लस्टर में शामिल होकर अपने सेक्टर दंडाधिकारी के साथ इवीएम को बीएसएल प्लस टू हाई स्कूल सेक्टर 1बी में जमा करेंगे.
डेड लाइन तक मिलेगा मौका : डीसी मृत्युंजय कुमार वर्णवाल ने बताया कि अपराह्न 5:00 बजे तक लाइन में लगने वाले वोटर को मत देने का मौका दिया जायेगा. अप. 5:00 बजे के बाद लाइन में लगे लोगों को इंटरटेन नहीं किया जायेगा.
इवीएम के साथ क्लस्टर पहुंची पोलिंग पार्टी, मतदान आज
फुसरो. फुसरो नगर परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण वातावरण में 16 अप्रैल को होने वाले मतदान को लेकर जिला प्रशासन सहित स्थानीय प्रशासन ने कमर कस ली है. जिला बल व जैप के लगभग 600 जवानों के निगरानी में फुसरो नप का मतदान करवाया जायेगा. स्थानीय प्रशासन भी निगरानी में लगी हुई है. रविवार को दोपहर बाद पोलिंग पार्टी फुसरो नप क्षेत्र के राम रतन हाई स्कूल ढोरी, राम बिलास प्लस टू विद्यालय बेरमो, डीएवी ढोरी में बनाये गये तीन क्लस्टर में इवीएम लेकर पॉलिंग पार्टी पहुंच चुकी है. साथ ही जिला बल व जैप के जवान भी पहुंच गये हैं.
मोर्चों पर तैनात हो गये चुनाव कर्मी : चुनाव कार्य में लगे गश्ती दल क्षेत्र के भ्रमण में लगे हैं. जगह-जगह जवानों की तैनाती की गयी है. शाम में बोकारो के डीडीसी रवि रंजन मिश्रा सहित जिला प्रशासन व स्थानीय प्रशासन ने बनाये गये तीनों क्लस्टर का निरीक्षण किया. सोमवार को सुबह सात से पांच बजे तक मतदान करने का समय तय है. राम रतन हाई स्कूल ढोरी में 29 बूथ का क्लस्टर, राम बिलास प्लस टू विद्यालय बेरमो में 24 बूथ का क्लस्टर, डीएवी ढोरी में 10 बूथ का क्लस्टर बनाया गया है. फुसरो नप के 63 बूथ हैं. इनमें हर एक बूथ में एक पीठासीन पदाधिकारी व छह मतदान कर्मी शामिल रहेंगे. पोलिंग पार्टी को लाने व ले जाने का काम 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट के जिम्मे है. बेरमो प्रखंड कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है. मौके पर बोकारो एसी जुगनू मिंज, निर्वाची पदाधिकारी एसएन उपाध्याय, मृत्युंजय पांडेय, बेरमो एसडीएम प्रेम रंजन, बेरमो बीडीओ अखिलेश कुमार, बेरमो सीओ एमएन मंसूरी के अलावे फुसरो नप चुनाव में नियुक्त निर्वाची पदाधिकारी शामिल थे.
क्लस्टर में सभी प्रकार की सुविधा : डीडीसी : क्लस्टर निरीक्षण के दौरान डीडीसी रवि रंजन मिश्रा ने कहा कि क्लस्टर में पोलिंग पार्टी को सभी प्रकार की सुविधा दी गयी है. असुविधा होने पर उसका निदान तत्काल किया जायेगा. कहा कि फुसरो नप चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है.
हरकत करने वाले अंजाम को रहें तैयार : एसडीपीओ
फुसरो नप चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रविवार को एसडीपीओ सुभाष चंद्र जाट बेरमो थाना पहुंचे. यहां बेरमो थानेदार नोवेल कुजूर से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिये. एसडीपीओ श्री जाट ने बताया कि पहले ही सभी बूथों का निरीक्षण कर लिया गया है. शांतिपूर्ण मतदान कराने को हरेक बूथ में फोर्स तैनात हैं. यदि कोई हरकत करता है तो उसे अंजाम के लिए भी तैयार रहना होगा. कहा कि फुसरो नप चुनाव में लगभग 600 जवानों की तैनाती की गयी है. अतिसंवेदनशिल बूथों पर दो-आठ में जवान, संवेदनशील बूथों पर दो-छह और समान्य बूथ पर भी दो-छह में जवान तैनात किये गये हैं. साथ ही गश्तीदल, बूथ गश्तीदल, सुपर दल आदि दल निगरानी करते रहेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










