चुनाव से 12 घंटे पहले परसुडीह में भाजपा नेता की हत्या, आरोप झामुमो के लोगों पर
Author Prabhat khabar digital desk
Updated:
विज्ञापन

जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह में भाजपा के एससी-एसटी मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष होपेन हेंब्रम (35) की गोली मार कर हत्या कर दी गयी. घटना शनिवार देर शाम करीब 7.30 बजे की है. अपराधियों ने होपेन को उनके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर ताबड़-तोड़ छह गोलियां मारी. घटना के बाद […]
विज्ञापन
जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कलियाडीह में भाजपा के एससी-एसटी मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष होपेन हेंब्रम (35) की गोली मार कर हत्या कर दी गयी. घटना शनिवार देर शाम करीब 7.30 बजे की है.
अपराधियों ने होपेन को उनके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर ताबड़-तोड़ छह गोलियां मारी. घटना के बाद अपराधी आराम से फरार हो गये. गोली चलने की आवाज के बाद आसपास के लोग मौकेपर जुटे. होपेन हेंब्रम गोशाला के समीप पुल के पास लहूलुहान हालत में पड़े थे. उन्हें आनन-फानन में टीएमएच ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. होपेन गोशाला में काम करते थे और एलआइसी से भी जुड़े थे. सूचना मिलने के बाद परिजन समेत कई भाजपा कार्यकर्ता टीएमएच पहुंंचे.
घात लगाये बैठे थे अपराधी
भाई सुकू हेंब्रम ने बताया, होपेन शाम में फुटबाॅल खेलने गये थे. लौटने के क्रम में ज्योंहि पुल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़-तोड़ छह गोलियां दाग दीं. घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. सुकू हेंब्रम ने दुखू टुडू उर्फ दुखू मांझी पर हत्या का आरोप लगाया है. सुकू ने बताया, दुखू मांझी डॉक्टर टुडू का रिश्तेदार है और झामुमो में है. दुखू टुडू ने ही होपेन हेंब्रम की हत्या करवायी है. घटना में उसके बेटा समेत अन्य लोग शामिल हैं. सुकू ने पुलिस से दुखू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
तीन माह पहले दी थी हत्या की धमकी
कालियाडीह में होपेन हेंब्रम की हत्या की बात सुनकर पत्नी रासमुनी और मां का रो-रो कर बुरा हाल है. होपेन हंब्रम की दो साल की बेटी है. रासमुनी ने बताया, तीन माह पूर्व दुखू टुडू व उसके बेटे ने जान मारने की धमकी दी थी. भाई सुकू हेंब्रम ने बताया, बस्ती के ही घूमा सोरेन का दुखू टुडू से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. होपेन, घूमा के समर्थन में रहते थे, इसलिए दुखू मांझी से विवाद था. घूमा सोरेन के मुताबिक, कालियाडीह में उनलोगों की करीब 15 एकड़ जमीन है. इस पर दुखू टुडू ने कब्जा कर रहा है. मामला कोर्ट में चल रहा है.
दो खोखा व जूता बरामद
घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) आलोक रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा व होपेन का जूता बरामद किया. पुलिस ने दुखू टुडू के घरवालों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया, मामले की जांच चल रही है. दुखू फरार है. उसका पता लगाया जा रहा है.
जमीन विवाद में पूर्व में हो चुकी है हत्या
19 जनवरी 2014 को झामुमो नेता लखाई की करनडीह चौक पर हत्या कर दी गयी थी.
मामले में डॉक्टर टुडू को पुलिस ने गिरफ्तार किया था.वह घाघीडीह जेल में है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










