सड़क व नाले जैसी प्राथमिक सुविधाएं नहीं

Updated at : 01 Sep 2016 3:47 AM (IST)
विज्ञापन
सड़क व नाले जैसी प्राथमिक सुविधाएं नहीं

शहर के वार्डों में व्याप्त समस्याओं और नागरिकों की सुविधाओं की परख को लेकर प्रभात खबर का शहर के सभी वार्ड का वार्ड स्कैन अभियान चल रहा है, जिसके अंतर्गत हमारे प्रतिनिधि वार्ड में बारी-बारी से पहुंच कर नागरिकों से समस्याओं पर बात करते हैं और प्रभात खबर में खबरों के माध्यम से नगर पर्षद […]

विज्ञापन

शहर के वार्डों में व्याप्त समस्याओं और नागरिकों की सुविधाओं की परख को लेकर प्रभात खबर का शहर के सभी वार्ड का वार्ड स्कैन अभियान चल रहा है, जिसके अंतर्गत हमारे प्रतिनिधि वार्ड में बारी-बारी से पहुंच कर नागरिकों से समस्याओं पर बात करते हैं और प्रभात खबर में खबरों के माध्यम से नगर पर्षद तथा जिला प्रशासन के सामने लाकर उनके समाधान का प्रयास करते हैं. इस कड़ी में आज वार्ड संख्या 05 से संबंधित समस्याओं को सामने लाया जा रहा है. पेश है वार्ड की स्कैन रिपोर्ट़

हाजीपुर : शहर के राजमार्ग 19 से सटे वार्ड संख्या 05 में विकास का कोई काम नजर नहीं दिखता है. अपनी मूलभूत सुविधाओं से काफी दूर है यह वार्ड. वार्ड की ज्यादातर गलियों में सड़क और सड़क के किनारे का नाले तक नहीं बने हैं. नागरिकों का कहना है कि वार्ड पार्षद इस वार्ड में शायद ही कभी नजर आते हैं. वार्ड में ज्यादातर गलियों में पीने के पानी का कनेक्शन नहीं है और बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट नहीं है. पूरे वार्ड में कहीं भी एक कूड़ेदान तक नहीं है, जिसके कारण इस वार्ड के सभी घरों का कूड़ा हर गली नुक्कड़ पर फेंक दिया जाता है. वार्ड के ज्यादातर लोगों को अपने वार्ड पार्षद से काफी शिकायतें हैं.
गलियों में सड़क की स्थिति बिल्कुल खस्ताहाल है. वार्ड में कई गलियां ऐसी हैं, जहां रात में अंधेरा पसरा रहता है.कई गलियों में स्ट्रीट लाइटें तो लगायी गयी, लेकिन उसे भी कुछ उपद्रवी लोगों ने चुरा लिया. कुछ गलियों में तो सड़क तक नहीं है. चारों तरफ फैली गंदगी से यहां के लोग परेशान रहते हैं. सड़क किनारे कहीं भी नाला नहीं होना इस वार्ड की बहुत बड़ी समस्या है, जो नागरिकों की बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है. इस वार्ड में कूड़ा-कचरा उठाने का काम भी प्रतिदिन नहीं होता है, जिससे यहां रहनेवाले लोगों को काफी परेशानी होती है. यहां रहने वाले लोगों के घरों का पानी सड़क किनारे ही फैला रहता है.
नाला निर्माण नहीं : सड़क किनारे नाला बनाने का काम शुरु नहीं हुआ है, जिससे रहनेवाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कई जगह जमा पानी और कूड़ा दुर्गंध देने लगती है़
वार्ड में सड़क किनारे पड़ा कूड़ा.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
नगर में सड़क, नाला जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम चल रहा है और वार्ड संख्या 5 की समस्या काफी गंभीर है. कुछ काम को बरसात की वजह से रोका गया है, जिसे जल्द ही शुरू कर दिया जायेगा. नगर के विकास के चौतरफा प्रयास किये जा रहे हैं और प्राथमिकता के आधार पर सभी सुविधाओं को ध्यान में रखकर कार्य किया जा रहा है.
हैदर अली, सभापति, नगर पार्षद
क्या कहते हैं वार्ड पार्षद
वार्ड की समस्या गंभीर है. वार्ड में घूम कर इसका जायजा लिया जाता है. सभी समस्याओं के बारे में सभापति से चर्चा की जाती है. वार्ड में सड़क किनारे नालों के बनाना काफी जरूरी है. जल्द-से-जल्द सभापति से चर्चा कर काम शुरू कर दिया जायेगा. पानी और नाला की समस्या के बारे में भी नगर पर्षद में बात रखी गयी है.
सुभाष निराला
इस वार्ड में सफाईकर्मी किसी-किसी गली में ही कभी-कभार आते हैं, जिसके कारण कूड़ा पसरा रहता है. वार्ड में सड़क किनारे नाला नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में जलजमाव हो जाता है. बरसात में वार्ड जलमग्न हो जाता है. वार्ड पार्षद आते हैं और कुछ काम भी किया है. विकास का काम वार्ड के लिए होना जरूरी है.
रोशन कुमार, पुलिस विभाग
नगर पर्षद को चाहिए वह रोड किनारे के कचरे को उठाने का काम प्रतिदिन कराये और हर जगह कूड़ादान की व्यवस्था करे. वार्ड में नालों के निर्माण का काम जरूरी है, जो इस वार्ड की सबसे बड़ी समस्या है. इसपर सबसे पहले ध्यान देना चाहिए और इस समस्या से हमें जल्द निजात मिलनी चाहिए़
राजकिशोर, विद्यार्थी
वार्ड की कुछ गलियों में पानी की पाइप लाइन है, लेकिन ज्यादातर लोग पीने का पानी खरीदने पर मजबूर है. नगर में बड़ी-बड़ी सड़कें बनायी जा रही हैं, लेकिन रोड को जोड़नेवाली छोटी सड़क पर नगर पर्षद का ध्यान नहीं है. कूड़ा उठाव का काम भी नगर पर्षद को प्रत्येक दिन करना चाहिए.
मो सिकंदर हुसैन, ऑफिस अटेंडेंट सिविल कोर्ट
वार्ड में नाला नहीं होने के कारण सड़क के दोनों तरफ घरों का कूड़ा-कचरा फेंका जाता है. उससे काफी बदबू भी आती है. गरमी के दिनों में तो यह कूड़ा सूख कर चारों तरफ फैलने लगता है. बरसात और सर्दियों में यहां हमेशा जलजमाव देखने को मिलता है, पता नहीं हमारी यह समस्या कब दूर होगी.
समया दत्ता, गृहिणी
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन