पेंटर की हत्या पर किया हंगामा

Updated at : 09 Jul 2016 7:37 AM (IST)
विज्ञापन
पेंटर की हत्या पर किया हंगामा

गांधी चौक से राजेंद्र चौक के बीच की दुकानों को कराया बंद अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की कर रहे थे मांग आगजनी कर जाम की सड़क हाजीपुर : गुरुवार की शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा नगर थाना क्षेत्र के जौहरी बाजार से सटे रेलवे लाइन के नीचे गोली मार कर हत्या कर दिये जाने के विरोध […]

विज्ञापन
गांधी चौक से राजेंद्र चौक के बीच की दुकानों को कराया बंद
अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की कर रहे थे मांग
आगजनी कर जाम की सड़क
हाजीपुर : गुरुवार की शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा नगर थाना क्षेत्र के जौहरी बाजार से सटे रेलवे लाइन के नीचे गोली मार कर हत्या कर दिये जाने के विरोध में शुक्रवार की सुबह आक्रोशित लोगों ने पेंटर अशोक कुमार सिंह के शव को गांधी चौक पर रख कर आगजनी कर रोड जाम कर हत्यारों की गिरफ्तारी जल्द-से-जल्द करने की मांग की.
आक्रोशित लोगों ने जौहरी बाजार एवं गड़क पुल के समीप भी आगजनी कर रोड जाम कर दिया. लगभग दो घंटे से अधिक समय तक आक्रोशित लोगों द्वारा आगजनी कर सड़क जाम करने के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची थी.
लगभग तीन घंटे बाद नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने मे लगे रहे. वहीं, मृतक के परिजन बड़े अधिकारी को बुलाने की मांग कर रहे थे. इस बीच आक्रोशित लोगों ने गांधी चौक से राजेंद्र चौक के बीच की दुकानों को भी बंद करा दिया. लगभग चार घंटे के बादर एसडीओ रवींद्र कुमार एवं एएसपी रशीद जमाल ने घटनास्थल पर पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मृतक के परिजनों को 20 हजार मुआवजा राशि दी.
इसके साथ ही मृतक की पत्नी चंद्रा देवी को एक लाख रुपये सहायता राशि देने की बात कही और हत्यारे को जल्द-से-जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया, तब जाकर मृतक के परिजनों ने शव को हटाया. इस बीच लगभग चार घंटे से भी अधिक समय तक जौहरी बाजार, गांधी चौक के जाम रहने से आम लोगों को फजीहत झेलनी पड़ी.
भाई के बयान पर मामला दर्ज : इस मामले में मृतक अशोक कुमार सिंह के भाई और शंकर सिंह के पुत्र रघुवीर सिंह के बयान पर नगर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया है. बयान में कहा गया है कि उनका भाई शाम साढ़े छह बजे काम से वापस आया था और कपड़ा बदल कर निकला था. रात्रि 7.15 बजे उनके पुत्र शुभम कुमार ने फोन पर सूचित किया कि चाचा को गोली मार दी गयी है.
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने दी सांत्वना : केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने मृतक के दाह संस्कार में कोनहारा घाट में शामिल होकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासन से शीघ्र हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की. इस दौरान श्री पासवान ने बिहार में विधि-व्यवस्था की दयनीय स्थिति की चर्चा करते हुए कहा कि यह सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है.
यदि शीघ्र हत्यारे को नहीं पकड़ा गया, तो उनकी पार्टी इसके खिलाफ आंदोलन करेगी. इस दौरान स्थानीय विधायक अवधेश कुमार, सांसद प्रतिनिधि अवधेश कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में लोजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
गोली मार कर हत्या व लूट की बढ़ीं वारदातें, सड़क पर उतरे लोग : हाजीपुर. कानून व्यवस्था की हालत दिन प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है और आये दिन गोली मार कर हत्या करने की बात अब आम हो गयी है.
पिछले एक पखवारे के अंदर आधा दर्जन से ऊपर गोली मारने की घटना हो चुकी है. शराब, भांग-गांजे की तस्करी, अपहरण, खून-खराबा और हत्या जैसी घटनाएं जिलावासियों सुनने को मिल रही हैं. जौहरी बाजार से बागमली जानेवाली रेलवे भंवारी के रास्ते के बीच की घटना ने लोगों को और भी अधिक भयभीत किया है.
खुलेआम 35 साल के एक नौजवान अशोक कुमार सिंह को बीच बाजार में अपराधी गोली मार कर निकल जाते हैं और लोग देखते रह जाते हैं. लाली पेंटर के नाम से जाना जानेवाला नौजवान तीन बच्चों और पत्नी को अपने पीछे छोड़ गया. आसपास और उसके कार्यक्षेत्र के लोग उसके स्वभाव की तारीफ किया करते थे. घटना के बाद पहुंची पुलिस मृतक अशोक कुमार सिंह का शव सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए ले गयी.
जानकारी के अनुसार, यह पता चला है कि युवक को किसी ने उसके मोबाइल पर फोन करके बुलाया था. घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिलने से और बढ़ते अपराध से यहां के लोगों में काफी आक्रोश हैं और लोगों ने गांधी चौक पर मृतक के शव को रख कर टायर जला कर करीबन चार घंटे तक रास्ते को जाम कर अपना आक्रोश जताया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन