कचरा फैलाया, तो होगा जुर्माना
Updated at : 14 Jun 2016 4:04 AM (IST)
विज्ञापन

कवायद. यत्र-तत्र गंदगी फैलानेवालों पर अब होगी दंडात्मक कार्रवाई शहर में साफ-सफाई को लेकर नागरिकों को जिम्मेवार बनाने के लिए शुरुआती कदम के बतौर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है. इसके बाद जहां-तहां कचरा डालने पर आर्थिक दंड लगाया जायेगा. शहर के होटल संचालक, दुकानदार, फल-सब्जी विक्रेता यदि कूड़े-कचरे का ढेर लगायेंगे, तो दंड के […]
विज्ञापन
कवायद. यत्र-तत्र गंदगी फैलानेवालों पर अब होगी दंडात्मक कार्रवाई
शहर में साफ-सफाई को लेकर नागरिकों को जिम्मेवार बनाने के लिए शुरुआती कदम के बतौर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है. इसके बाद जहां-तहां कचरा डालने पर आर्थिक दंड लगाया जायेगा. शहर के होटल संचालक, दुकानदार, फल-सब्जी विक्रेता यदि कूड़े-कचरे का ढेर लगायेंगे, तो दंड के भागी होंगे. शहर के रिहायशी इलाकों में भी यह नियम लागू किया जायेगा.
हाजीपुर : शहर की साफ-सफाई को लेकर नगर पर्षद ने अपना प्रयास तेज कर दिया है. गली-मोहल्ले से लेकर शहर के चौक-चौराहों और सड़कों पर बेतरतीब ढंग से कचरा डालनेवालों की अब खैर नहीं. यत्र-तत्र गंदगी फैलानेवालों पर अब दंडात्मक कार्रवाई होगी. उन पर जुर्माना लगाया जायेगा. नगर पर्षद की ओर से पूरे शहरी क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से उद्घोषणा कर इस मामले में लोगों को आगाह किया जा रहा है.
सड़क पर फेंका कचरा तो लगेगा जुर्माना : साफ-सफाई को लेकर नागरिकों को जिम्मेवार बनाने के लिए शुरुआती कदम के तहत प्रचार अभियान चलाया जा रहा है. इसके बाद जहां-तहां कचरा डालने पर आर्थिक दंड लगाया जायेगा. शहर के होटल संचालक, दुकानदार, फल-सब्जी विक्रेता यदि कूड़े-कचरे का ढेर लगायेंगे, तो दंड के भागी होंगे. शहर के रिहायशी इलाकों में भी यह नियम लागू किया जायेगा.
नप प्रशासन का कहना है कि पहले चरण में लोगों को सचेत किया जा रहा है कि वे अपनी दुकान या मकान का कचरा निर्धारित स्थल पर ही कचरा पेटी में जमा करें. नाले में या सड़क किनारे जहां-तहां कचरा न डालें.
नर्सिंग होम के कचरे से भर जाते हैं नाले : शहर के नवीन सिनेमा रोड से सुभाष चौक जानेवाली सड़क के किनारे बने नाले की स्थिति बदतर बना दी गयी है. इस मार्ग में नर्सिंग होम संचालकों की मनमानी के कारण नाले में कचरे का अंबार भरा है. स्थिति देख कर यह बता पाना मुश्किल होगा कि यह नाला है या कचरा डालने की जगह. नर्सिंग होम में उपयोग किये गये बैंडेज, रूई, सूई और दवा की शीशी समेत जो भी कचरे होते हैं, उन्हें नाले में फेंका जाता है. नाले में फेंके गये कचरे के सड़ने के बाद भयंकर दुर्गंध फैलती है, जिससे आसपास के लोगों का सांस लेना मुश्किल हो जाता है.
पॉलीथिन पर पाबंदी को लेकर गंभीर हुआ नगर पर्षद : जिलाधिकारी रचना पाटील के निर्देश पर नगर पर्षद द्वारा शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने की दिशा में भी प्रयास तेज कर दिया गया है. इसको लेकर भी नगरवासियों को प्रचार कर सचेत किया जा रहा है. नगर प्रशासन द्वारा बताया जा रहा है कि हाजीपुर को जिला प्रशासन द्वारा पॉलीथिन मुक्त शहर घोषित किया गया है. पॉलीथिन की खरीद-बिक्री पर पाबंदी लगायी गयी है.
ऐसे में पॉलीथिन का व्यवसाय करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रचार माध्यमों से दी जा रही कुप्रभाव की जानकारी : प्रचार के माध्यम से आम नागरिकों को पॉलीथिन के कुप्रभावों की जानकारी देते हुए इसका उपयोग नहीं करने की सलाह दी जा रही है. मालूम हो कि जिलाधिकारी ने इस साल की शुरुआत में ही नगर पर्षद के सभापति, उपसभापति, पार्षदों और कार्यपालक पदाधिकारी के साथ बैठक कर 26 जनवरी से शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने का निर्देश दिया था. इसके लिए लोगों को जागरूक करने की बात कही गयी थी. अभी तक इस मामले में ढिलाई बरते जाने के कारण पॉलीथिन का प्रयोग कम नहीं हो पाया.
क्या कहते हैं अधिकारी
शहर में यत्र-तत्र कूड़ा और कचरा डालने वालों पर आर्थिक दंड लगाया जायेगा. प्रचार -प्रसार के जरिये पहले लोगों को आगाह किया जा रहा है. नहीं मानेंगे, तो कार्रवाई की जायेगी. पॉलीथिन के उपयोग और इसकी खरीद-बिक्री पर रोक लगायी गयी है.
कुमारी हिमानी, नगर कार्यपालक पदाधिकारी
चौक-चौराहों और सड़कों पर बेतरतीब ढंग से कचरा डालनेवालों की अब खैर नहीं
लाना होगा अपनी आदतों में सुधार
नगर पर्षद की चेतावनी का ऐसे लोगों पर जो गैर जिम्मेदाराना तरीके से कहीं भी कचरा डाल कर गंदगी फैलाते हैं, कितना असर पड़ता है यह देखने वाली बात होगी. लेकिन, इतना तय है कि व्यवसायियों के विवेक और नागरिक समाज की सजगता से ही सड़क, नाले की सफाई और शहर की स्वच्छता संभव है.
लोग यदि अपने आसपास बजबजाते नाले, सड़क पर यत्र-तत्र फैले कूड़े-कचरे और गंदगी से निजात पाना चाहते हैं, तो इसके लिए उन्हें भी अपनी आदतों में सुधार लाने की जरूरत है. शहर के जागरूक नागरिक कहते हैं कि नगर पर्षद ने शहर की स्वच्छता को लेकर जो भी प्रयास किया है, वह तभी सफल होगा जब नगरवासियों का इसमें सकारात्मक सहयाेग मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




