टेंपोचालकों ने सड़क को ही बनाया स्टैंड
Updated at : 29 Apr 2016 12:29 AM (IST)
विज्ञापन

मनमानी : सड़कों पर पैदल गुजरनेवालों को भी हो रही है परेशानी, अपने मन की करते रहते हैं टेंपोचालक हर आदमी चाहता है कि शहर के चौक-चौराहे अतिक्रमण से मुक्त हों और सड़कों पर आवागमन निर्बाध हो. यहां तो टेंपोवालों ने सड़क और चौक-चौराहे को ही स्टैंड बना कर रख दिया है. लोगों को शहर […]
विज्ञापन
मनमानी : सड़कों पर पैदल गुजरनेवालों को भी हो रही है परेशानी, अपने मन की करते रहते हैं टेंपोचालक
हर आदमी चाहता है कि शहर के चौक-चौराहे अतिक्रमण से मुक्त हों और सड़कों पर आवागमन निर्बाध हो. यहां तो टेंपोवालों ने सड़क और चौक-चौराहे को ही स्टैंड बना कर रख दिया है. लोगों को शहर के मसजिद चौक, बुद्धमूर्ति चौक, गांधी चौक, जौहरी बाजार, स्टेशन चौक, रामाशीष चौक आदि जगहों से पैदल गुजरने में भी परेशानी हो रही है.
हाजीपुर : नगर में टेंपोचालकों की मनमानी से सिर्फ यात्री ही परेशान नहीं हैं, बल्कि शहरवासियों का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है. टेंपोचालकों ने सड़क और चौक-चौराहे को ही स्टैंड बना कर रख दिया है. लोगों को शहर के मसजिद चौक, बुद्धमूर्ति चौक, गांधी चौक, जौहरी बाजार, स्टेशन चौक, रामाशीष चौक आदि जगहों से पैदल गुजरने में भी परेशानी हो रही है. आदत से लाचार इन ऑटोचालकों के सामने प्रशासन ने भी मानो हार मान ली है.
यातायात के नियम, अनुशासन, आवागमन की कठिनाई और जाम की समस्या से इन टेंपोवालों को जैसे कोई मतलब ही नहीं हो. पुलिस प्रशासन की चेतावनियों का भी इन पर कोई असर नहीं पड़ पड़ रहा. वे डंडे खायेंगे, लेकिन अपनी आदतों से बाज नहीं आयेंगे. पूरा हाजीपुर शहर टेंपो परिचालन के अराजक तौर-तरीके से परेशान है.
सुरक्षित नहीं रहा टेंपो से यात्रा करना : यात्रियों की राह आसान करने वाले टेंपो अब यात्रियों के लिए खतरा बन रहे हैं. शहर में अब टेंपो की सवारी करना भी असुरक्षित हो चला है. यात्रियों से लूटपाट की घटनाओं में टेंपोचालकों की संलिप्तता उजागर होती रही है. टेंपोचालकों की मिलीभगत से यात्रियों को नशाखुरानी गिरोह का शिकार बनाया जा रहा है. पिछले एक साल के भीतर 50 से ज्यादा यात्रियों को लूटा जा चुका है.
लुटेरा गिरोह की रहती है सक्रियता : शहर के तमाम टेंपो स्टैंड में नशा खिला कर यात्रियों को लूटनेवाले गिरोह के सदस्य मंडराते रहते हैं. इनको आश्रय देने वाले टेंपोचालक होते है. पुलिस द्वारा कई टेंपोचालकों को अापराधिक मामले में गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है. इसके बावजूद टेंपोचालकों से लुटेरों की साठ-गांठ बढ़ती जा रही है. जानकार बताते हैं कि यात्रियों से लूटपाट की 80 फीसदी घटनाओं में टेंपोचालकों की संलिप्तता होती है.
लुटेरों के अड्डे बने हैं टेंपो स्टैंड : नगर के टेंपोस्टैंड असामाजिक तत्वों की शरणस्थली बनते जा रहे हैं. सूत्रों का कहना है कि रामअशीष चौक, बुद्धमूर्ति चौक, अंजानपीर चौक, स्टेशन परिसर, पासवान चौक और जढुआ स्थित टेंपो स्टैंड में हर तरह का अपराध करनेवालों का जमघट लगा रहता है.
वहीं से यात्रियों को निशाना बनाया जाता है और सुनियोजित तरीके से लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है. चलते टेंपो से यात्रियों के बैग और सामान गायब होने की घटनाएं आम हो गयी हैं.
यात्रियों से वसूला जाता है मनमाना किराया : हाजीपुर से पटना के बीच चलनेवाले टेंपो के चालकों की मनमानी से यात्री परेशान हैं. खास कर सुबह और रात्रि के समय यात्रियों के साथ टेंपोचालकों का सलूक रंगदारों जैसा होता है. तब ये टेंपोचालक यात्रियों की भीड़ का नाजायज फायदा उठाना शुरू करते हैं और मनमाने तरीके से किराया वसूलते हैं, तब वाजिब भाड़े को लेकर जो यात्री सवाल करते हैं, उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है.
नाजायज भाड़ा वसूली का विरोध करने पर यात्रियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट तक की जाती है. नगर के स्टेशन परिसर स्थित टेंपो स्टैंड में अक्सर इस तरह की घटनाएं होती हैं. कई बार पुलिस को हस्तक्षेप कर मामला शांत कराना पड़ता है.
क्या कहते हैं अधिकारी
जाम और अतिक्रमण के विरुद्ध चलाये जानेवाले अभियान में टेंपोचालकों पर भी कार्रवाई होती है. निर्धारित स्टैंड में ही टेंपो लगाने की हिदायत दी गयी है. टेंपो स्टैंड में धांधली की भी सूचना मिली है. इसके लिए भी कार्रवाई होगी. यात्रियों को पूरी सुरक्षा दी जायेगी.
राजेश कुमार, यातायात प्रभारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




