आखिरी दिन बोतलें समेटने को उमड़ पड़े पियक्कड़
Updated at : 01 Apr 2016 3:44 AM (IST)
विज्ञापन

हाजीपुर : बिहार सरकार द्वारा एक अप्रैल से शराबबंदी की घोषणा से गुरुवार 31 मार्च को दुकानों और इसके आसपास विशेष चहल पहल बनी रही. दुकानदार शराब की बिक्री में व्यस्त रहे, तो ग्राहक खरीदने में. दुकान जल्दी से जल्दी स्टॉक खत्म करना चाह रहे थे और इसके लिए कई दुकानदारों ने कीमतों में छूट […]
विज्ञापन
हाजीपुर : बिहार सरकार द्वारा एक अप्रैल से शराबबंदी की घोषणा से गुरुवार 31 मार्च को दुकानों और इसके आसपास विशेष चहल पहल बनी रही. दुकानदार शराब की बिक्री में व्यस्त रहे, तो ग्राहक खरीदने में. दुकान जल्दी से जल्दी स्टॉक खत्म करना चाह रहे थे और इसके लिए कई दुकानदारों ने कीमतों में छूट दे रखी थी. इधर, शहर के चौक-चौराहों पर शराबबंदी को लेकर चर्चा का बाजार गरम रहा. अधिकांश लोगों ने सरकार की प्रशंसा की और इसे सराहनीय कदम बताया.
क्या रहा शराब दुकानों का हाल
समय-अपराह्न 12.30 बजे
स्थान-स्टेशन रोड हाजीपुर
स्टेशन रोड में शराब की छह दुकानें है. सभी दुकानों पर ग्राहकों का आना शुरू हो जाता है. धीरे-धीरे ग्राहकों की संख्या बढ़ती जा रही है. कोई एक, तो कोई दो बोतल की मांग करता है. तभी स्टेशन रोड स्थित एक दुकान पर एक बोलेरो गाड़ी रुकती है, उसमें से एक शख्स उतर कर आरएस ब्रांड का एक कार्टून की मांग करता है. दुकानदार असमर्थता जताते हुए कहता सर आपने लेट कर दी आरएस तो कल ही खत्म हो गया. कहें तो बलेंडर दे दूं और वह बलेंडर ले चलते बनता है. ग्राहकों को मनपंसद ब्रांड नहीं मिलने पर विवशता वश दूसरी ब्रांड से ही काम चलाने की बात कहते हुए खरीद लेता है.
समय-शाम 5.00 बजे
स्थान- पासवान चौक हाजीपुर
पासवान चौक पर दो दुकानें हैं. यहां का नजारा कुछ अलग ही है. लोगों की भीड़ दुकान पर जमी हुई है. लगा जैसे कोई उत्सव है उसके सेलिब्रेशन के लिए लोग शराब खरीदने पहुंचे हैं. दुकान में कुछ ही शराब की बोतलें बची हैं. पहले मुझे, पहले मुझे की आवाज तेज होती है. दुकानदार स्थायी ग्राहकों को पहले देने की कोशिश कर रहे थे.
समय-संध्या 6.00 बजे
स्थान- जढ़ुआ बाजार, हाजीपुर
जढुआ में दो दुकानें हैं और दोनों दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जमी है, जैसे कोई मेला लगा हो वहां से कुछ नयी चीजें खरीदी की जा रही हों. बहरहाल इन दुकानों पर ग्रामीणों और शहरी ग्राहकों दोनों जुटे है और अपनी पंसद के अनुसार खरीदारी कर रहे थे.
समय-रात के 8.00 बजे
स्थान-गांधी चौक, हाजीपुर
गांधी चौक एवं उसके पास पांच दुकानें हैं, जहां ग्राहकों की भीड़ बनी हुई. दुकानों में शराब की बोतल समाप्ति की ओर है. चूंकि नगर के बीच में दुकान स्थित होने के कारण सभी वर्ग शौकिन लोग यही से शराब की खरीदारी करते हैं. हालांकि वे दोपहर से खरीदारी कर रहे थे. रात्रि 10 बजे दुकान बंद करने का समय है, इसको ध्यान में रखते हुए कई लोगों ने फोन से अपने बुकिंग करवा रखी थी.
शराबबंदी के आखिरी दिन बियर की हुई जम कर बिक्री : हाजीपुर. नगर क्षेत्र के सभी शराब की दुकानों पर ठंडा बीयर की जमकर बिक्री हुई. किसी ने एक तो किसी ने दो कार्टून बीयर की खरीदारी की. और तो और लोगों ने न दिन रेखा न समय ढक्कन खोला और बीयर की पूरी बोतल गटक ली. यह सिलसिला देर रात्री तक चलता रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




