गया: मानपुर में रिटायर्ड फौजी के घर से लाखों के जेवर सहित लाइसेंसी बंदूक उड़ ले गए चोर, जानें कैसे
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 25 Apr 2023 4:54 AM
गया के बुनियादगंज थाना क्षेत्र की शादीपुर पंचायत के कुकियासीन में रविवार की देर रात चोरों ने रिटायर्ड फौजी के घर सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवर समेत लाइसेंसी बंदूक उड़ा लिये.
बिहार: गया के बुनियादगंज थाना क्षेत्र की शादीपुर पंचायत के कुकियासीन में रविवार की देर रात चोरों ने रिटायर्ड फौजी के घर सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवर समेत लाइसेंसी बंदूक उड़ा लिये. इस घटना की जानकारी पाते ही बुनियादगंज थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार व एसआइ मनोज कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की तहकीकात की. रिटायर्ड फौजी देवेंद्र कुमार (पिता छोटू यादव) ने पुलिस को बताया कि घटना की रात अपने पैतृक घर (कुकियासीन) बंद कर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसुंडा में बने नये घर पर परिवार के साथ रहने चले आये थे. सुबह में गांव वालों ने सूचना दी कि आपके घर की दीवार में सेंधमारी की हुई है. जब घर पर पहुंचा, तो पाया कि कमरे के गोदरेज में रखे सोने-चांदी के आभूषण समेत लाइसेंसी गन की चोरी हो गयी है.
बुनियादगंज थाना क्षेत्र में पिछले महीने से सेंधमारी कर चोरी की घटना से लोग परेशान हैं. पिछले 14 अप्रैल की देर रात चोरों ने शादीपुर के एक मॉल में सेंधमारी कर डेढ़ लाख रुपये नकद समेत 10 लाख रुपये के कीमती कपड़े व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गये थे. पुलिस अभी तक कपड़ा मॉल की घटना का पर्दाफाश भी नहीं कर सकी कि आधा किलोमीटर दूर शादीपुर पंचायत के कुकियासीन गांव में दूसरी बड़ी घटना हो गयी.
Also Read: भागलपुर: एलसीडी खरीदकर घर लौटी, सबको खाना खिलाया फिर गले में ओढ़नी का फंदा डाल कर विवाहिता ने कर ली आत्महत्या
इस संबंध में न पदस्थापित वजीरगंज कैंप डीएसपी कुमार वैभव ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त हुई है. रिटायर्ड फौजी के बंद घर को चोरों ने निशाना बना कर आभूषण व लाइसेंसी हथियार उड़ा लिये है. इस घटना की जांच की जा रही है. जांच के उपरांत आगे की कानूनी कार्रवाई कर जल्द घटना का पर्दाफाश कर लिया जायेगा. उन्होंने बताया कि अभी क्षेत्र की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन अपराध नियंत्रण मेरी प्राथमिकता रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










