सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने एनएच 327 ई को किया जाम

लोगों ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया
कटैया निर्मली. पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटैया पावर ग्रिड के समीप मंगलवार की सुबह एनएच 327ई पर हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान पथरा दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर 04 निवासी किशोर सादा के 25 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार करण के रूप में की गयी है. घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को एनएच पर रखकर पथरा दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर 04 मुसहरी टोला के पास सड़क को जाम कर दिया. लोगों ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया. साथ ही पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार के परिजनों ने जमकर हंगामा किया और मुआवजे की मांग की. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम व स्थानीय मुखिया सुभाष यादव ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया. हालांकि, यह जाम करीब पांच घंटे तक चला, जिससे इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार को अंकुश एक शादी समारोह में गाना गाने के लिए कटैया गोठ गया था. रात के कार्यक्रम के बाद वह घर लौट रहा था, जब मंगलवार सुबह वह कटैया पावर ग्रिड के पास घायल अवस्था में मिला. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. परिजनों का आरोप है कि इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी. लोगों ने मृतक के स्टूडियो संचालक पर भी कार्रवाई की मांग की है, जहां अंकुश काम करता था. इधर, मृतक की मां बिंदुला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. अंकुश तीन भाइयों में सबसे बड़ा था. उसके छोटे भाइयों में मंझला बिरबल और सबसे छोटा भाई मनू है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




