मायके आई महिला का सात लाख का हीरा जड़ा मंगलसूत्र चोरी, सगा मामा निकला चोर
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 24 May 2026 6:25 PM
बरामद मंगलसूत्र को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़िता को सौंप दिया जाएगा
– पिपरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई: आरोपी मामा और खरीदार ज्वेलर गिरफ्तार, चोरी का मंगलसूत्र बरामद कटैया-निर्मली. पिपरा थाना क्षेत्र के दीना पट्टी पंचायत अंतर्गत सखुआ वार्ड नंबर 08 में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. दिल्ली के गाजियाबाद से मायके आई एक महिला का शनिवार की रात करीब सात लाख रुपये का हीरा जड़ा मंगलसूत्र चोरी हो गया. हैरानी की बात यह रही कि रविवार को मामला उजागर हुआ, लेकिन चोरी का आरोप किसी बाहरी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि महिला के सगे मामा पर लगा. पिपरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया और चोरी का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया. मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर को भी जेल भेज दिया गया है. पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि दिल्ली के गाजियाबाद जिले के मोदी नगर थाना क्षेत्र निवासी शिखा कुमारी अपने मायके सखुआ वार्ड-8 आई हुई थी. उन्होंने घर में अपना कीमती हीरा जड़ा मंगलसूत्र सुरक्षित रखा था, लेकिन कुछ देर बाद वह गायब मिला. शक होने पर शिखा कुमारी ने अपने सगे मामा हीरालाल राय पर चोरी का आरोप लगाते हुए पिपरा थाना में आवेदन दिया. पीड़िता के आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 175/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने सखुआ वार्ड नंबर 08 निवासी हीरालाल राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की. कड़ाई से पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया. आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद उसने मंगलसूत्र को बेचने के लिए त्रिवेणीगंज बाजार वार्ड नंबर 05 स्थित पोस्ट ऑफिस के पास मौजूद श्री ज्वेलर्स दुकान में बेच दिया था. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने त्रिवेणीगंज बाजार में छापेमारी कर श्री ज्वेलर्स दुकान से चोरी का वही हीरा जड़ा मंगलसूत्र बरामद कर लिया. पुलिस ने दुकान संचालक सुमित स्वर्णकार को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार सुमित ने चोरी का सामान जानते हुए भी खरीदा, जो कानूनन अपराध है. थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि चोरी और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में हीरालाल राय एवं सुमित स्वर्णकार दोनों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बरामद मंगलसूत्र को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़िता को सौंप दिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










