तिरंगे के साथ निकाली गई साईकिल रैली में वंदे मातरम का हुआ उद्घोष
तिरंगे के साथ साईकिल रैली में शामिल बीडीओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में छातापुर में निकाली गई साइकिल रैली, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सुपौल : स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन से पहले आमजनों में देशभक्ति का जज्बा बढ़ता जा रहा है. प्रखंड प्रशासन की ओर से लगातार विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर लोगों को देशप्रेम की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. बुधवार को मुख्यालय में तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के बाद गुरुवार को साइकिल रैली निकाली गयी. अब शुक्रवार की संध्या मशाल जुलूस निकालने की तैयारी की जा रही है.
गुरुवार सुबह बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता के नेतृत्व में प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से तिरंगे के साथ साइकिल रैली निकाली गयी. इस दौरान भारत माता की जय के नारे लगाये गये. उमंग और उत्साह के साथ निकली रैली में प्रशासनिक पदाधिकारी व कर्मियों के अलावा गणमान्य लोग, प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र और अभिभावक शामिल हुए.
रैली में शामिल कई लोगों ने बताया कि वर्षों बाद उन्हें साइकिल चलाने का अवसर मिला. किसी ने 40 वर्ष बाद तो किसी ने 25 वर्ष बाद साइकिल चलाने की बात कही. प्रशासन की पहल से लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. मुख्य सड़क पर साइकिल रैली निकलने के बाद आमजन और विभिन्न विद्यालयों के बच्चे भी साइकिल लेकर इसमें शामिल होते गये. देखते ही देखते रैली का कारवां बढ़ता चला गया.
बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रखंडवासी पूरी तरह उत्साहित हैं. प्रशासन की ओर से आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों में सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है. तिरंगा यात्रा और साइकिल रैली की सफलता के बाद स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मशाल जुलूस निकालने की तैयारी की जा रही है.
साइकिल रैली में सीओ रविराज कुमार, बीपीआरओ देश कुमार, बीएसओ ओमप्रकाश, थानाध्यक्ष प्रमोद झा, गणमान्य शालीग्राम पांडेय, गौरीशंकर भगत, पवन कुमार हजारी, मकशुद मसन, मो. नुरुद्दीन, रामटहल भगत, गणेश झा, पन्नालाल यादव, मो. बदरूज्जमा, मो. मोजाहिद उर्फ हीरा, रघुनंदन मेहता सहित स्कूली छात्र और अभिभावक शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार पप्पू
संजय कुमार पप्पू प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. छातापुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









