कोरियापट्टी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजा वंदे मातरम्
तिरंगा यात्रा | Prabhat Khabar Network
कोरियापट्टी में हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें छात्रों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
जदिया (सुपौल) : ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत कोरियापट्टी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय राजगांव परिसर से शुरू हुई यात्रा में शिक्षक, छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे लिये लोग विभिन्न मार्गों से होते हुए आगे बढ़े. इस दौरान पूरा कोरियापट्टी ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंजता रहा.
तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चले लोग
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व मुखिया राजेश कुमार ने किया. विद्यालय परिसर से शुरू हुई यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ. यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. जगह-जगह ग्रामीणों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रभक्ति के इस अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया.
‘वंदे मातरम्’ ने जगायी राष्ट्रीय चेतना
इस अवसर पर मुखिया राजेश कुमार ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ देश की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत है. इसके 150 वर्ष पूरे होना देशवासियों के लिए गौरव का अवसर है. उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व गौरव बढ़ाना है.
उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान को सफल बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक किया जा रहा है.
अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का संकल्प
यात्रा में शामिल प्रतिभागियों ने हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया. तिरंगा यात्रा के दौरान कोरियापट्टी का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया.
मौके पर प्रधानाध्यापक सुशील कुमार, सरपंच संतोष कुमार, उपमुखिया संजीव कुमार, पैक्स अध्यक्ष सर्बेश कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक सुरेंद्र कुमार सुमन समेत अन्य लोग मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By उमेश कुमार यादव
उमेश कुमार यादव प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. जदिया (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









