लूट की साज़िश रचने वाला ट्रैक्टर चालक चढा पुलिस के हत्थे, 1.70 लाख बरामद

रास्ते में उसने रकम को उजले गमछे में लपेटकर सड़क किनारे कचरे के ढेर में छिपा दिया
जदिया मक्का बिक्री की रकम हड़पने की नियत से लूट की झूठी कहानी गढ़ने वाला एक ट्रैक्टर चालक पुलिस की सख्ती के आगे धराशायी हो गया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर सड़क किनारे कचरे के ढेर से एक लाख 70 हजार रुपये बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया. मामला मंगलवार की देर रात एनएच 327 ई पर रानीगंज-जदिया मार्ग के पाण्डेय पट्टी चाप के पास की है. जानकारी के मुताबिक राजेश्वरी थाना क्षेत्र के कैनजारा वार्ड नंबर 13 निवासी मक्का व्यापारी सह ट्रैक्टर मालिक जगदीश मेहता ने मंगलवार को अपने ट्रैक्टर से 82 क्विंटल मक्का गुलाब बाग मंडी भेजा था. ट्रैक्टर चला रहा था. उसी गांव का भूलो सरदार. मंडी में मक्का बिक्री के बाद उसे 1.70 लाख रुपये मिले, जिसे लेकर वह लौट रहा था. रास्ते में उसने रकम को उजले गमछे में लपेटकर सड़क किनारे कचरे के ढेर में छिपा दिया और अपने मालिक को फोन कर चार अज्ञात बदमाशों द्वारा बाइक से लूट की झूठी कहानी सुना दी. सूचना पर व्यापारी ने पुलिस को खबर दी. जदिया थाना की एसआई नीतू कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. सख्ती के बाद ड्राइवर ने पूरा राज खोल दिया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कचरे के ढेर से पूरी रकम बरामद कर ली. थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि व्यापारी जगदीश मेहता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर चालक भूलो सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया है. बरामद राशि को जब्त कर लिया गया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है .
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




