तीन दिवसीय ज्ञान-विज्ञान मेला संपन्न, खेल में युवाओं ने दिखाया दम

राष्ट्रीय युवा महासंघ द्वारा किया गया था आयोजन
– राष्ट्रीय युवा महासंघ द्वारा किया गया था आयोजन जदिया. बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की 134 वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा महासंघ के सौजन्य से आयोजित तीन दिवसीय ज्ञान-विज्ञान मेला शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह, दहेज प्रथा, मृत्यु भोज, जातिगत भेदभाव और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जनजागृति अभियान चलाया गया. मंच के माध्यम से आम जनमानस तक ज्ञान और विज्ञान से जुड़े विचारों को खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व प्रबोधन के जरिये प्रस्तुत किया गया. बोधगया से आए बौद्ध भिक्षु बुद्ध वंदना के साथ अंतिम सत्र की शुरुआत की. उन्होंने धम्मदेशना देते हुए मानव-मानव में समता और पंचशील पालन की आवश्यकता पर बल दिया. मंच पर समाज सुधारकों के विचारों की गूंज मेला संयोजक ई एलके निराला ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जनकल्याण, जनजागृति और जनसेवा है. उन्होंने कहा कि युवाओं में वैज्ञानिक सोच और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर, तथागत गौतम बुद्ध, संत कबीर, संत रविदास, गुरु नानक, ज्योतिबा राव फुले, सावित्रीबाई फुले, पेरियार, बिरसा मुंडा, जगदेव कुशवाहा, ललई सिंह यादव और कांशीराम जैसे समाज सुधारकों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही इस मेले का मुख्य उद्देश्य है. खेल में युवाओं ने दिखाया दमखम मेले के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गयी. सुपौल बनाम मधेपुरा कबड्डी मुकाबले में सुपौल की टीम विजयी रही. घोड़ा रेस में बरियाही निवासी कैलू यादव पहले स्थान पर रहे, जबकि सरोज यादव (डोरा लक्ष्मीनियां मचहा) दूसरे और बाबाजी यादव (सिकयाहा) तीसरे स्थान पर रहे. 10 किमी मैराथन दौड़ में उदय हिरापट्टी पहले, नीरज कुमार (सुपौल) दूसरे और श्रवण कुमार (पिपरा बाजार) तीसरे स्थान पर रहे. 100 मीटर दौड़ में परवेज आलम ने पहला, रुपेश ने दूसरा और चंचल (बरकुरवा) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. 1600 मीटर दौड़ (लड़के) में सिकंदर कुमार सरदार प्रथम, परवेज आलम द्वितीय रहे. 1600 मीटर दौड़ (बालिका) में मधुमाला कुमारी (लक्ष्मीनियां) प्रथम और कविता कुमारी अनुपमा द्वितीय स्थान पर रहीं. सम्मान समारोह में दिखा सामाजिक सौहार्द समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों को अंग वस्त्र, बाबा साहब की प्रतिमा और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. टाउन एकेडमी के डायरेक्टर दिनेश सर को विशेष सम्मान स्वरूप अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया. दिनेश सर ने आयोजन को बच्चों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से नई ऊर्जा का संचार होता है. मौके पर पूर्व सरपंच धीरेंद्र यादव, कृष्णा राज, सुमन यादव, डॉ सुधांशु, डॉ विकास, वीरेंद्र भास्कर, पंकज ऋषि, नरेश यादव, सुरेंद्र यादव, बादलराज यादव, नीतीश, सतीशचन्द्र, बेबी, आरती समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




