स्नातक प्रथम खंड के छात्र ने फांसी के फंदे से लटकर दी जान, परिजनों में मचा कोहराम

परिजनों के अनुसार, सुबह घर के लोग अपने दैनिक कार्यों में लगे थे.
जदिया कोरियापट्टी पूरब पंचायत के राजगांव वार्ड नंबर 04 में सोमवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. 20 वर्षीय बीए पार्ट वन के छात्र प्रशांत कुमार ने अपने ही घर में गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद घर में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक की पहचान सिकेन्द्र मेहता के पुत्र प्रशांत कुमार के रूप में हुई है, जो बीए पार्ट वन का छात्र था. बताया जाता है कि युवक ने आत्महत्या से पहले अपने मोबाइल फोन को रिसेट कर उसमें मौजूद सभी डेटा डिलीट कर दिया था. इस तथ्य ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है. गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है. परिजनों के अनुसार, सुबह घर के लोग अपने दैनिक कार्यों में लगे थे. इसी दौरान उसकी मुंहबोली बहन की नजर कमरे में फंदे से लटक रहे प्रशांत पर पड़ी. यह दृश्य देख वह चीखने-चिल्लाने लगी. शोर सुनकर उसकी मां मंजुला देवी मौके पर पहुंची और आनन-फानन में फंदा काटकर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलते ही जदिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया. बताया जाता है कि मृतक दो भाइयों में छोटा था. उसका बड़ा भाई सुशांत चार-पांच दिन पहले ही एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था और वर्तमान में इलाजरत है. इस दोहरी विपत्ति ने परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया है. मृतक के पिता सिकेन्द्र मेहता रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में रहते हैं. घटना की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है. इधर, गांव में इस घटना को लेकर लोग स्तब्ध हैं. हर कोई इस असामयिक मौत से मर्माहत नजर आ रहा है. इस संबंध में थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा गया था. पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है. मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










