आंधी-बारिश से मक्का और दलहन फसल को भारी नुकसान

आंधी-बारिश से खराब हुई फसल
Supaul news: तेज हवा के कारण कई जगह मक्का की फसल खेतों में गिर गयी, जबकि मूंग समेत अन्य दलहन फसलें पानी में डूबने लगी हैं. मंगलवार सुबह किसान जब खेतों पर पहुंचे तो नुकसान देखकर मायूस हो उठे.
तेज हवा से खेतों में गिरी फसल, किसानों ने मुआवजे की मांग की
जदिया (सुपौल) से उमेश कुमार की रिपोर्ट:
Supaul news: सुपौल जिले के जदिया क्षेत्र में सोमवार रात आयी तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अचानक बदले मौसम के कारण खेतों में तैयार खड़ी मक्का और दलहन फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.
तेज हवा के कारण कई जगह मक्का की फसल खेतों में गिर गयी, जबकि मूंग समेत अन्य दलहन फसलें पानी में डूबने लगी हैं. मंगलवार सुबह किसान जब खेतों पर पहुंचे तो नुकसान देखकर मायूस हो उठे.
किसानों ने बताया कि मक्का की फसल कटाई के अंतिम चरण में थी. कई किसान मक्का की बालियां तोड़कर घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन रात की बारिश और सुबह तक जारी बूंदाबांदी ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. खेतों में रखी मक्का की बालियां भीग गयीं, जिससे दाना खराब होने की आशंका बढ़ गयी है.
ग्रामीण किसानों का कहना है कि इस बार मक्का और दलहन की फसल से अच्छी आमदनी की उम्मीद थी. कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, लेकिन अचानक हुई बारिश और तेज हवा ने उन्हें आर्थिक संकट में डाल दिया है.
किसानों के अनुसार लगातार नमी रहने से दलहन फसल में सड़न और रोग फैलने का खतरा भी बढ़ गया है. कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि खेतों में ज्यादा समय तक पानी जमा रहने से मक्का की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और दलहन फसल में फफूंद लगने की संभावना बढ़ जाती है. किसानों को जल्द खेतों से पानी निकालने की सलाह दी गयी है.
आंधी और बारिश का असर जनजीवन पर भी पड़ा. कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गयीं, जबकि कई गांवों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही.
इधर किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. किसानों का कहना है कि समय पर सरकारी सहायता नहीं मिलने पर छोटे और मध्यम वर्गीय किसानों की परेशानी और बढ़ सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










