सुपौल के नरहैया गांव में रात दो बजे लगी भीषण आग, सो रहे परिवार की जान बची, घर और सामान जलकर राख

पिडीत परिवार को ढांढस बंधाते मुखिया प्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
सुपौल के छातापुर में देर रात लगी भीषण आग से मो इदरीश का घर और हजारों की संपत्ति जलकर खाक हो गई. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.
Supaul News: सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड अंतर्गत मुख्यालय पंचायत के वार्ड संख्या 8 स्थित नरहैया गांव में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से एक परिवार का आशियाना पूरी तरह जलकर राख हो गया. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में आवासीय घर और उसमें रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर तथा अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया.
पीड़ित परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे, लेकिन आग की तेज तपिश महसूस होने पर उनकी नींद खुली और वे किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई.
रात दो बजे भड़की आग
जानकारी के अनुसार आग देर रात करीब 2 बजे लगी. अचानक धुआं और गर्मी बढ़ने पर घर के अंदर मौजूद लोगों को स्थिति का अंदाजा हुआ और वे तुरंत बाहर निकल आए.
परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश शुरू की.
ग्रामीणों की मदद से बुझी आग
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका, जिससे आसपास के अन्य घरों को बचाया जा सका.
हालांकि तब तक मो. इदरीश का आवासीय घर पूरी तरह जल चुका था. घर में रखा अनाज, वस्त्र, फर्नीचर और लगभग पूरी गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई.
प्रशासन को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद मुखिया प्रतिनिधि मकसूद मसन शनिवार सुबह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और घटना की सूचना अंचल अधिकारी (सीओ) को दी.
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
Supaul News: पीड़ित ने सरकारी सहायता की मांग की
अग्निपीड़ित मो. इदरीश ने बताया कि उन्होंने अंचल कार्यालय और थाना में आवेदन देकर सरकारी सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया है.
उन्होंने कहा कि आग में उनका घर और वर्षों की जमा पूंजी पूरी तरह नष्ट हो गई है. अब परिवार के सामने रहने और दैनिक जीवन चलाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार पप्पू
संजय कुमार पप्पू प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अपराध, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं. छातापुर (सुपौल) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










