74 स्थानों पर लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर, एचआईवी से लेकर हेपेटाइटिस तक की होगी मुफ्त जांच
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 20 May 2026 5:05 PM
सिविल सर्जन डॉ बाबू साहेब झा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई
सुपौल. जिले में आम लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से सिविल सर्जन डॉ बाबू साहेब झा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के 74 चिन्हित स्थानों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई तथा इसके लिए एक व्यापक माइक्रो प्लान भी तैयार कर लिया गया. बैठक में निर्णय लिया गया कि इस स्वास्थ्य अभियान को अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए जल्द ही जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, आईसीडीएस, जीविका, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भाग लेंगे. आगामी स्वास्थ्य शिविरों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी. इनमें प्रमुख रूप से एचआईवी, सिफलिस व हेपेटाइटिस बी एवं सी की मुफ्त जांच, नियमित ब्लड टेस्ट एवं ब्लड शुगर जांच आवश्यकतानुसार मुफ्त दवाओं का वितरण सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श दिया जायेगा. स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य इन एकीकृत शिविरों के माध्यम से जमीनी स्तर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाकर आम नागरिकों को बेहतर इलाज एवं जागरूकता उपलब्ध कराना है. बैठक में एसीएमओ डॉ एएसपी सिन्हा, सीडीओ डॉ चंदन कुमार, प्रभारी जिला पर्यवेक्षक बीएन झा, कुमार चंदन, कौशलेंद्र कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










