सुपौल के जगतपुर शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, घर का सारा सामान जलकर राख

पीड़ित परिजनों से बात करते जिप सदस्य | Prabhat Khabar Network
Supaul Fire News: सुपौल के जगतपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई. इस हादसे में लाखों का सामान जलकर राख हो गया और एक गाय की मौत हो गई. जिला परिषद सदस्य ने पीड़ित परिवार से मिलकर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है.
Supaul Fire News: सदर थाना क्षेत्र के गौठबरुआरी पंचायत स्थित जगतपुर गांव में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक परिवार की वर्षों की जमा-पूंजी राख कर दी. आग की इस घटना में आवासीय घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया. वहीं मवेशी घर में बंधी एक गाय की झुलसने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
सो रहे थे परिवार के लोग, अचानक धधक उठा घर
पीड़ित अशोक कामत ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे. इसी दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे घर और मवेशी शेड को अपनी चपेट में ले लिया. परिवार के लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी.
ग्रामीणों ने बचाई जान, लेकिन नहीं बच सका सामान
शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, जरूरी दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था. आग की चपेट में आने से मवेशी घर में बंधी एक गाय की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए.
पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा
शनिवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर जिला परिषद सदस्य रजनीश कुमार सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर पीड़ित परिवार को सरकारी आपदा राहत और अन्य आवश्यक सहायता जल्द उपलब्ध कराने का आग्रह किया.
उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. प्रशासन को तत्काल क्षति का आकलन कर नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि परिवार सामान्य जीवन की ओर लौट सके.
Supaul Fire News: मुआवजे की मांग, रोजमर्रा का संकट गहराया
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता की मांग की है. उनका कहना है कि घर का लगभग पूरा सामान जल जाने से उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का भी संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की है.
Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम
Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










