सुपौल में राहत की बारिश बनी मुसीबत, गांधी मैदान झील में तब्दील, शहर की सड़कों पर जलजमाव से बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन
राहत की बारिश बनी मुसीबत: गर्मी से मिली राहत, लेकिन शहर की सड़कें और गांधी मैदान बने झील

खेत में धान का बिचारा उखरते किसान | Prabhat Khabar Network

Supaul Rain News: सुपौल जिले में लगातार बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, लेकिन शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. गांधी मैदान झील में तब्दील हो गया और कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

Supaul Rain News: सुपौल जिले में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत जरूर दिलाई है, लेकिन इसके साथ ही शहर की जल निकासी व्यवस्था की कमजोर तस्वीर भी सामने आ गई है. जिला मुख्यालय का गांधी मैदान पूरी तरह पानी में डूबकर झील जैसा नजर आने लगा है, जबकि स्टेशन रोड, अस्पताल रोड और महावीर चौक समेत कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है.

गांधी मैदान से लेकर प्रमुख सड़कों तक भरा पानी

शनिवार को दिनभर कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही. लगातार बारिश के कारण गांधी मैदान में बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया. वहीं स्टेशन रोड, अस्पताल रोड, लोहियानगर, महावीर चौक और कचहरी रोड सहित आधा दर्जन से अधिक प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही. पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों और दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

ग्रामीण इलाकों में भी बिगड़े हालात

बारिश का असर केवल शहर तक सीमित नहीं रहा. जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों और पंचायतों की संपर्क सड़कों पर पानी भर गया, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई. कीचड़ और जलजमाव के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और दैनिक कार्यों के लिए निकलने वाले ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. कई निचले इलाकों में खेतों और सड़कों पर पानी जमा होने से कृषि कार्य भी प्रभावित हुए.

धान की खेती को मिला फायदा, लेकिन बढ़ी नई चिंता

लगातार बारिश से धान की खेती करने वाले किसानों को राहत मिली है. हाल ही में जिन खेतों में धान की रोपाई हुई है, वहां पर्याप्त नमी मिलने से सिंचाई की आवश्यकता कम हो गई है. इससे किसानों का डीजल और बिजली पर होने वाला खर्च भी घटने की उम्मीद है.

हालांकि कई किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. जिन खेतों में अधिक पानी जमा हो गया है, वहां धान के बिचड़े और नई रोपाई को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक लगातार भारी बारिश होती रही तो जलभराव से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.

Supaul Rain News: जल निकासी व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

हर बारिश के साथ शहर में जलजमाव की समस्या सामने आने से नगर प्रशासन की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से ड्रेनेज सिस्टम में सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है. लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में शहरवासियों को बार-बार ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े.

फिलहाल सुपौल में बारिश ने मौसम को सुहावना जरूर बना दिया है, लेकिन जलजमाव की समस्या ने राहत को मुसीबत में बदल दिया है.

Also Read: भागलपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगा गंगाजल: 15 करोड़ की लागत से बिछेगी पाइपलाइन, अगले महीने होगा काम

Also Read: बिहार के इन 17 जिलों में आज गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट


विज्ञापन
राजीव कुमार झा

लेखक के बारे में

By राजीव कुमार झा

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन