महादलित टोलों में लगेगा विशेष शिविर, 21 विभागों की योजनाओं की मिलेगी जानकारी

इस शिविर के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी
वीरपुर. संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को बसंतपुर प्रखंड के वार्ड संख्या 13, महादलित टोला में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस शिविर के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और वंचित लोगों को इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. साथ ही, स्थानीय स्तर पर मौजूद समस्याओं का समाधान भी मौके पर ही किया जाएगा. कार्यक्रम की तैयारी को लेकर शनिवार को अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी बजरंग प्रसाद सिंह ने महादलित टोले का दौरा किया. उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना. इस दौरान कई आवेदन भी प्राप्त किए गए, जिनमें से अधिकांश का समाधान शिविर के दिन किया जाएगा. वहीं, कुछ जटिल मामलों को उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा ताकि उनका भी उचित समाधान हो सके. श्री सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को कुल 21 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे महादलित परिवारों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी और सहायता मिल सकेगी. पहले लोगों को प्रखंड और अनुमंडल कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता था, लेकिन अब इस पहल से उन्हें काफी सहूलियत होगी. यह एक नई शुरुआत है और आगे हर सप्ताह के शनिवार और बुधवार को प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के महादलित टोलों में इसी तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे. निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव सुभाष मणि, विकास मित्र, आवास सहायक सहित विभिन्न विभागों के कर्मी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




