वीरपुर में एसडीपीओ का रीडर घूस लेते गिरफ्तार, पुलिस महकमे में हड़कंप

यह कार्रवाई मंगलवार सुबह लगभग 8:45 बजे एसडीपीओ के आवासीय परिसर में की गई
वीरपुर. राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है. मंगलवार को वीरपुर में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. निगरानी विभाग की टीम ने वीरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के रीडर मिट्ठू कुमार उर्फ बिट्टू को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया. यह कार्रवाई मंगलवार सुबह लगभग 8:45 बजे एसडीपीओ के आवासीय परिसर में की गई. कार्रवाई के दौरान निगरानी टीम में पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार, पुलिस निरीक्षक सिकंदर मंडल, अवर निरीक्षक गणेश कुमार, पीटीसी कृष्ण मुरारी कश्यप, सिपाही रणधीर कुमार व सुधीर कुमार शामिल थे. सूत्रों के अनुसार, एएसआई मिट्ठू कुमार एक विशेष मामले में संलिप्त व्यक्ति को संदिग्ध बताकर उसे बचाने और केस रफा-दफा करने के लिए घूस की मांग कर रहा था. इसी सिलसिले में निगरानी विभाग को शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गयी. फिलहाल निगरानी विभाग की टीम पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि रिश्वत के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल है. हालांकि अब तक निगरानी विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गयी है, लेकिन संभावना है कि देर शाम तक इस मामले पर विस्तृत जानकारी साझा की जा सकती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




