सीएम आज सुपौल में, जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का करेंगे अनावरण; कोसी-मेची लिंक परियोजना का लेंगे जायजा
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते डीएम. | Prabhat Khabar Network
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज सुपौल के दौरे पर रहेंगे. वे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और कोसी-मेची लिंक परियोजना के निर्माण कार्य का जायजा लेंगे. इस दौरे से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की उम्मीद है.
सुपौल में बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का व्यस्त कार्यक्रम रहेगा. करीब 11:20 बजे छातापुर के बलुआ पंचायत पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सबसे पहले वे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके बाद चैनपुर पहुंचकर कोसी-मेची लिंक परियोजना के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण करेंगे और कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ परियोजना की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा बैठक करेंगे. दौरे के दौरान मुख्यमंत्री परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी लेंगे.
सुबह 10:20 बजे पटना से शुरू होगा मुख्यमंत्री का दौरा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सुबह 10:20 बजे पटना स्थित लोक सेवक आवास से सड़क मार्ग से स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे. करीब 10:30 बजे स्टेट हैंगर पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर से सुपौल के छातापुर प्रखंड स्थित बलुआ पंचायत के लिए रवाना होंगे.
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बलुआ पंचायत में राजकीयकृत ललित नारायण विद्यालय मंदिर के समीप नवनिर्मित हेलीपैड तैयार किया गया है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री करीब 11:20 बजे यहां पहुंचेंगे.
जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
हेलीपैड पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से वार्ड नंबर 04 स्थित कार्यक्रम स्थल जाएंगे. करीब 11:25 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री पूर्व मुख्यमंत्री स्व. डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण करेंगे.
इसके बाद वे प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से मजबूत रखा गया है.
कोसी-मेची लिंक परियोजना का करेंगे स्थल निरीक्षण
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का फोकस क्षेत्र की महत्वपूर्ण कोसी-मेची अंतरराज्यीय लिंक परियोजना पर रहेगा. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:45 बजे वे बलुआ बाजार होते हुए बसंतपुर प्रखंड के रास्ते छातापुर प्रखंड के चैनपुर के लिए रवाना होंगे.
करीब 11:55 बजे चैनपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री निर्माणाधीन परियोजना का स्थल निरीक्षण करेंगे. इस दौरान वे मौके पर चल रहे निर्माण कार्य और परियोजना की प्रगति का जायजा लेंगे.
कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
स्थल निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री करीब 12:05 बजे चैनपुर ग्राम स्थित कैंप कार्यालय के लिए रवाना होंगे. 12:10 बजे कैंप ऑफिस पहुंचने के बाद कोसी-मेची अंतरराज्यीय लिंक परियोजना की समीक्षा एवं प्रस्तुतीकरण बैठक में शामिल होंगे.
बैठक में अधिकारियों की ओर से परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की स्थिति और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी जाएगी. मुख्यमंत्री अधिकारियों से परियोजना की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना को लेकर जानकारी लेंगे.
एरियल सर्वे करते हुए पटना लौटेंगे मुख्यमंत्री
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:25 बजे सड़क मार्ग से बलुआ पंचायत स्थित नवनिर्मित हेलीपैड के लिए रवाना होंगे. करीब 12:35 बजे हेलीपैड पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर से पटना के स्टेट हैंगर के लिए प्रस्थान करेंगे.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से एरियल सर्वे करते हुए पटना लौटेंगे और करीब 1:25 बजे स्टेट हैंगर पहुंचेंगे. इसके बाद सड़क मार्ग से लोक सेवक आवास के लिए रवाना होंगे. दोपहर 1:35 बजे लोक सेवक आवास पहुंचने के साथ मुख्यमंत्री का सुपौल दौरा समाप्त होगा.
सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुपौल जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और मुख्यमंत्री के आवागमन वाले मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं. प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है.
मुख्यमंत्री के इस दौरे में एक ओर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की प्रतिमा का अनावरण प्रमुख कार्यक्रम है, वहीं दूसरी ओर निर्माणाधीन कोसी-मेची लिंक परियोजना का स्थल निरीक्षण और समीक्षा बैठक क्षेत्र के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजीव कुमार झा
राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








