अवैध नर्सिंग होम व जांच घरों पर छापेमारी, कई अस्पतालों पर कार्रवाई की चेतावनी

जांच के दौरान अधिकांश जगहों पर अधूरे दस्तावेज ही प्रस्तुत किए गए
वीरपुर. सिविल सर्जन के निर्देश पर बसंतपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अर्जुन चौधरी और बसंतपुर सीओ हेमंत कुमार के नेतृत्व में नगर क्षेत्र के नर्सिंग होम, निजी अस्पताल, अल्ट्रासाउंड सेंटर और जांच घरों पर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान मुख्यालय स्थित नेशनल जांच घर, राजा जांच घर, पॉपुलर अल्ट्रासाउंड, कोसी उपचार केंद्र, लोटस हॉस्पिटल और आस्था हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर की जांच की गई. इस दौरान संचालकों से वैध लाइसेंस और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया. जांच टीम को पॉपुलर अल्ट्रासाउंड में चिकित्सक डॉ ललन प्रसाद सिंह और कोसी उपचार केंद्र में चिकित्सक डॉ बीएन पासवान ओपीडी के दौरान मौजूद मिले. वहीं आस्था हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में एक बैचलर डेंटल सर्जन को चिकित्सकीय कार्य करते पाया गया, जबकि वे फिजिशियन श्रेणी में नहीं आते. जांच के दौरान अधिकांश जगहों पर अधूरे दस्तावेज ही प्रस्तुत किए गए. निजी हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद एक महिला मरीज भी भर्ती मिली, जिस पर टीम ने गंभीर आपत्ति जताते हुए कहा कि बिना लाइसेंस और योग्य चिकित्सक की मौजूदगी के ऐसे अस्पताल में मरीज की जान को खतरा हो सकता है. बसंतपुर सीओ हेमंत कुमार ने बताया कि सिविल सर्जन के आदेश पर कार्रवाई की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आस्था हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में बीडीएस चिकित्सक पाए गए, जिन्हें तुरंत अपने वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. वहीं दो स्थानों पर मौजूद एमबीबीएस चिकित्सकों का सत्यापन कर लिया गया है. सीओ ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अवैध जांच घर या अस्पताल में इलाज या जांच न कराएं, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में संचालित सभी नर्सिंग होम और जांच घरों को अपने कागजात अनिवार्य रूप से रखना होगा. बिना लाइसेंस संचालन करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




