नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान, अगले 5 साल में बिहार को बनाएंगे देश का टॉप राज्य

बिहार सीएम नीतीश कुमार
Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुपौल और मधेपुरा में समृद्धि यात्रा के दौरान 872 करोड़ की योजनाओं का तोहफा दिया. उन्होंने सात निश्चय-3 के तहत अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ नौकरी, औसत आय दोगुनी करने और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट का लक्ष्य रखा है.
Nitish Kumar: राज्यसभा के लिए नामांकन करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा पर निकले हैं. तीसरे चरण की शुरुआत के पहले दिन सुपौल और मधेपुरा में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं कीं. सीएम ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार में विकास की रफ्तार और तेज होगी और राज्य को देश के टॉप राज्यों में लाने का प्रयास किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने सुपौल जिले के लिए करीब 570 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी. यहां 213 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया. मधेपुरा जिले के लिए 302 करोड़ रुपये की योजनाओं की घोषणा की गई. इसमें 216 करोड़ रुपये की लागत से 158 योजनाओं का उद्घाटन और 86 करोड़ रुपये की लागत से 137 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है.
2005 से पहले की स्थिति का सीएम ने किया जिक्र
सीएम नीतीश ने कहा कि 2005 से पहले बिहार की स्थिति काफी खराब थी. उस समय कानून व्यवस्था कमजोर थी और लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलने में डरते थे. समाज में विवाद की स्थिति बनी रहती थी और शिक्षा- स्वास्थ्य व्यवस्था भी काफी कमजोर थी. सड़कें खराब थीं और बिजली सीमित इलाकों तक ही पहुंची थी. उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में इन सभी क्षेत्रों में सुधार किया गया है और आज स्थिति काफी बदली है.
सीएम ने यह भी कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का सहयोग भी लगातार मिल रहा है. उन्होंने पीएम मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कई बार बिहार आ चुके हैं और कई विकास योजनाओं का शिलान्यास कर चुके हैं. जुलाई 2024 के केंद्रीय बजट में बिहार को सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए विशेष आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई थी. फरवरी 2025 के बजट में मखाना बोर्ड की स्थापना, नए एयरपोर्ट और पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए भी मदद का ऐलान हुआ है.
अगले 5 साल में बिहार में क्या-क्या होगा
सीएम ने बताया कि अगले पांच वर्षों में सात निश्चय-3 योजना के तहत कई नए कार्यक्रम लागू किए जाएंगे. इसके तहत जॉब और इनकम बढ़ाने पर फोकस किया जायेगा. सरकार का लक्ष्य युवाओं को एक करोड़ रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराना है. इसके लिए नया युवा रोजगार और स्किल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट भी बनाया गया है.
उन्होंने कहा कि राज्य में इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में इंडस्ट्रियल एरिया विकसित किए जाएंगे. नए उद्योग लगाने के लिए जमीन और अनुदान की सुविधा दी जाएगी. बंद पड़ी चीनी मिलों को भी दोबारा चालू करने की योजना है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
किसानों और युवाओं के लिए क्या प्लान
कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए मखाना उत्पादन, डेयरी और मछली पालन को बढ़ावा दिया जाएगा. शिक्षा के क्षेत्र में हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोलने की योजना है. साथ ही एक नया एजुकेशन सिटी भी बनाया जाएगा.
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला और प्रखंड स्तर के अस्पतालों को विशेष चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा. पांच नए एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे और ग्रामीण सड़कों को चौड़ा किया जाएगा. इसके अलावा पर्यटन, खेल और सौर ऊर्जा को भी बढ़ावा देने की योजना पर काम किया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: बिहार के इन जिलों में अगले 2 दिन खराब रहेगा मौसम का हाल, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
बिहार के इस जिले में पानी पीते ही उल्टी करने लगे 12 बच्चे, स्कूल में हड़कंप, क्या बोले डॉक्टर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




