एनएच 327 ई पर भूमि सत्यापन कार्य शुरू, सड़क चौड़ीकरण को लेकर ग्रामीणों में उत्साह

प्रस्तावित सड़क सीमा के तहत आने वाली भूमि का रेखांकन एवं 3(ए) सत्यापन कार्य शुरू हो चुका है
कटैया-निर्मली. एनएच 327 ई परसरमा-अररिया मौजूदा राजमार्ग के उन्नयन व चौड़ीकरण कार्य के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज कर दी गई है. प्रस्तावित सड़क सीमा के तहत आने वाली भूमि का रेखांकन एवं 3(ए) सत्यापन कार्य शुरू हो चुका है. बीते दिनों डीएम सावन कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप-समाहर्ता त्रिवेणीगंज, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, सीओ सुपौल-पिपरा-त्रिवेणीगंज तथा एनएच विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर भूमि सत्यापन और स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे. उन्होंने यह भी कहा था कि सत्यापन कार्य के दौरान वीडियो ग्राफी की जाए, ताकि भविष्य में भूमि वर्गीकरण से जुड़ी कोई समस्या न उत्पन्न हो. डीएम के निर्देश के बाद पिपरा सीओ उमा कुमारी ने अंचल के तीन अमीनों को अलग-अलग मौजा का जिम्मा सौंपकर सत्यापन कार्य प्रारंभ करवाया. इसमें अमीन प्रेम प्रकाश (मौजा पथरा, जोल्हनियां, निर्मली, कटैया माहे), अमीन सोभित कुमार (मौजा थुमहा, दिना पट्टी, पिपरा) तथा अमीन लिल्ली कुमारी को सहयोगी टीम व वीडियोग्राफर के साथ लगाया गया है. सत्यापन के दौरान प्रस्तावित भूमि का खेसरा वाइज विवरण, उस पर बने मकान, दुकान, व्यवसायिक संरचनाओं का मूल्यांकन और रैयतों का नामांकन डेटा एकत्र किया जा रहा है. अमीन प्रेम प्रकाश ने बताया कि भूमि नक्शा और अर्जन की जाने वाली भूमि का निर्धारण कर लिया गया है, ताकि प्रभावित रैयतों को उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जा सके. इधर सड़क चौड़ीकरण की तैयारी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. लोगों का कहना है कि सड़क विस्तारीकरण से न केवल यातायात सुविधा बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के अवसर और व्यवसायिक संसाधनों तक पहुंच भी बढ़ेगी. इससे इलाके के समग्र विकास को गति मिलेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




