श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, 301 कन्याओं ने कलश यात्रा में हुई शामिल

Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 25 Apr 2026 6:32 PM

विज्ञापन

“जय श्रीराम”, “हर-हर महादेव” और “राधे-राधे” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा

विज्ञापन

जदिया. परसागढ़ी उत्तर पंचायत के वार्ड नंबर 04 में शनिवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ किया गया. आयोजन की शुरुआत 301 कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा से हुई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया. सुबह से ही यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी. पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याएं सिर पर कलश धारण कर जब शोभायात्रा में निकलीं, तो पूरा माहौल आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा. शोभायात्रा यज्ञ स्थल से प्रारंभ होकर पंचायत के विभिन्न मार्गों, चौक-चौराहों और गलियों से गुजरती हुई मां भगवती मंदिर पहुंची. इस दौरान “जय श्रीराम”, “हर-हर महादेव” और “राधे-राधे” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा. मां भगवती मंदिर परिसर स्थित कुएं से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल कलश में भरा गया. इसके पश्चात शोभायात्रा शिव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. वहां से सभी श्रद्धालु पुनः यज्ञ स्थल लौटे, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-पाठ कर कथा का शुभारंभ किया गया. आयोजन समिति के अनुसार, यह श्रीमद्भागवत कथा सात दिनों तक चलेगी. कथा का वाचन वृंदावन की प्रसिद्ध महिला कथावाचक साध्वी प्रियंका शास्त्री द्वारा किया जाएगा. कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, जीवन दर्शन, भक्ति मार्ग और धर्म के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति होगी. इस धार्मिक आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली. गांव के लोगों में कथा को लेकर खासा उत्साह है. यज्ञ स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे वातावरण और भी दिव्य प्रतीत हो रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई है. ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं. आने वाले दिनों में कथा में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन