सभा भवन में महिला सिपाही ने की आत्महत्या, पुलिस महकमे में शोक की लहर

Updated at : 22 Mar 2026 6:38 PM (IST)
विज्ञापन
सभा भवन में महिला सिपाही ने की आत्महत्या, पुलिस महकमे में शोक की लहर

भोजपुर जिला निवासी रितु मुजफ्फरपुर जिला बल में थी तैनात

विज्ञापन

– ईद व रामनवमी ड्यूटी पर आई जवान ने बंद शौचालय में लगाई फांसी, सुसाइड नोट बरामद – भोजपुर जिला निवासी रितु मुजफ्फरपुर जिला बल में थी तैनात किशनपुर. प्रखंड परिसर स्थित सभा भवन में शनिवार रात करीब 09 बजे एक महिला सिपाही ने बंद पड़े शौचालय में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी. मृतका की पहचान सिपाही नंबर 1318 रितु कुमारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भोजपुर जिले के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के पटखोली गांव निवासी जितेंद्र प्रसाद गुप्ता की पुत्री थी, वह मुजफ्फरपुर जिला पुलिस बल में तैनात थी. वर्तमान में भीमनगर में प्रशिक्षण ले रही थी. जानकारी के अनुसार, रितु कुमारी 19 मार्च को ईद एवं रामनवमी के मद्देनजर विधि-व्यवस्था ड्यूटी में अन्य महिला पुलिस बल के साथ किशनपुर आई थी. शनिवार रात वह सभा भवन स्थित बंद पड़े शौचालय में गयी. छत में लगे पंखे की कुंडी से दुपट्टे के सहारे फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली. घटना के समय उसने पैर के नीचे बैलेट बॉक्स रखकर फांसी लगाई. साथ में रह रही अन्य महिला सिपाहियों ने बताया कि रितु पानी लेकर शौचालय में गई थी. नहाने की बात कही थी. कुछ देर बाद जब देखा गया तो वह फंदे से लटकी हुई थी. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. तुरंत थानाध्यक्ष को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला सिपाही को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सहकर्मियों के अनुसार, रितु कुमारी पहले से ही मानसिक तनाव में रहती थी. घटना की सूचना मिलते ही शनिवार रात डीआईजी आशीष कुमार, एसपी शरथ आरएस और डीएसपी शिवेंद्र कुमार अनुभवी सहित अन्य वरीय अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले की जांच एफएसएल टीम द्वारा की जा रही है. मृतका के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है. गौरतलब है कि दोनों पर्वों को लेकर करीब 90 महिला सिपाही किशनपुर में तैनात थीं, जो सभा भवन के अलावा पंचायत सरकार भवन, जीविका भवन और थाना परिसर में ठहरी हुई थी. इस घटना के बाद सभी साथियों के बीच मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन