ePaper

अतिक्रमण हटाने के क्रम में ईओ को अतिक्रमणकारियों के रोष का करना पड़ा सामना

Updated at : 29 Apr 2025 6:42 PM (IST)
विज्ञापन
अतिक्रमण हटाने के क्रम में ईओ को अतिक्रमणकारियों के रोष का करना पड़ा सामना

फुटपाथियों ने बांस से बने डाला, छिट्टा, प्लास्टिक के कैरेट ईओ की गाड़ी के आगे-पीछे रख दिया था

विज्ञापन

निर्मली. नगर पंचायत निर्मली में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया. नगर पंचायत निर्मली के कार्यपालक पदाधिकारी शशिकांत अतिक्रमण हटाने के लिए भगत सिंह चौक पहुंचे. वहां मौजूद अतिक्रमणकारियों ने ईओ की गाड़ी को चारों ओर से घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. फुटपाथियों ने बांस से बने डाला, छिट्टा, प्लास्टिक के कैरेट ईओ की गाड़ी के आगे-पीछे रख दिया था. घटना के दौरान कुछ देर के लिए स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई. जानकारी के अनुसार नगर पंचायत निर्मली की ओर से मुख्य बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी की टीम भगत सिंह चौक पहुंची, जहां फुटपाथ व सड़क किनारे सामान लगाए दुकानदारों को हटाया जा रहा था. इस कार्रवाई का विरोध करते हुए अतिक्रमणकारियों ने ईओ की गाड़ी को रोक लिया और जमकर नारेबाजी की. स्थिति बिगड़ती देख नगर पंचायत कर्मियों ने इसकी सूचना निर्मली थाना को दी. सूचना मिलते ही निर्मली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाने का प्रयास किया. पुलिस की समझदारी और हस्तक्षेप के बाद हालात पर नियंत्रण पाया गया और ईओ की गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस दौरान नगर प्रशासन द्वारा कुछ अतिक्रमण हटाए भी गए, हालांकि स्थानीय दुकानदारों में रोष व्याप्त रहा. भारी बवाल की सूचना पर नपं कार्यालय निर्मली पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर मामला को स्थानीय स्तर पर सुलझाते हुए फुटपाथ विक्रेताओं को सड़क को अतिक्रमणमुक्त रखने की अपील की गई. ईओ ने बताया कि नगर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है ताकि आम लोगों को आवागमन में दिक्कत न हो. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. उधर, स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नगर में फल लदी वाहनों के प्रवेश के दौरान बेरियर वसूली की जा रही है. बेरियर नहीं देने पर फल लदी गाड़ी को डिटेन कर दिया जाता है. अतिक्रमणकारियों का यह भी कहना था कि मेन रोड में भगत सिंह चौक-लक्ष्मी नारायण मंदिर तक अतिक्रमण की वजह से जगह-जगह जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है, खासकर बोथरा चौक से भगत सिंह चौक के मध्य बड़े व्यवसायी द्वारा बड़े-बड़े ट्रक और कंटेनर को सड़क पर ही दिनभर पार्क रखकर सामान लोड-अनलोड किया जाता है. फुटपाथ विक्रेताओं पर अतिक्रमण का हवाला देकर कार्रवाई की जाती है, लेकिन बड़े-बड़े अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है. इधर, ईओ शशिकांत ने कहा कि शहर में बढ़ती जाम की समस्या के निदान और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लगातार अभियान जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि भगत सिंह चौक पर अवैध तरीके से सड़क पर ठेला नहीं लगने दिया जाएगा. इसके लिए नपं कर्मी की तैनाती रहेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

RAJEEV KUMAR JHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन