एएनएम छात्राओं ने लिया सेवा, समर्पण व मानवता का संकल्प

Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 22 May 2026 6:24 PM

विज्ञापन

छात्राओं को कैप पहनाकर नर्सिंग पेशे में उनके औपचारिक प्रवेश का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया

विज्ञापन

– एएनएम स्कूल में हुआ लैंप लाइटिंग समारोह निर्मली. एएनएम ट्रेनिंग स्कूल निर्मली में ओथ टेकिंग, कैपिंग एवं लैम्प लाइटिंग समारोह का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ शलेंद्र कुमार, इंचार्ज प्रिंसिपल साजिद इकबाल, हेल्थ मैनेजर मुकेश कुमार, नर्सिंग ट्यूटर वर्षा रंजन एवं ज्योति कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को आधुनिक नर्सिंग की जननी मानी जाने वाली फ्लोरेंस नाईटएंगिल के जीवन, संघर्ष, त्याग और मानव सेवा के प्रति समर्पण से अवगत कराया गया. नर्सिंग ट्यूटर वर्षा रंजन ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और मानवता का प्रतीक है. उन्होंने छात्राओं से मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लैम्प लाइटिंग एवं कैपिंग सेरेमनी रही. नर्सिंग ट्यूटर वर्षा रंजन एवं ज्योति कुमारी ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रेरणा के प्रतीक स्वरूप दीप प्रज्वलित किया. इसके बाद छात्राओं के हाथों में कैंडल जलाकर उन्हें सेवा, समर्पण, अनुशासन एवं मानवीय मूल्यों की शपथ दिलाई गई. साथ ही छात्राओं को कैप पहनाकर नर्सिंग पेशे में उनके औपचारिक प्रवेश का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया. इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी. गीत, भाषण और अन्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया तथा पूरे परिसर का माहौल उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा से भर दिया. कार्यक्रम का संचालन अनुकल्प एवं अनिशा ने किया. अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा भावना, आत्मविश्वास और पेशे के प्रति समर्पण विकसित करते हैं. उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संस्थान को सफल आयोजन के लिए बधाई दी. कार्यक्रम में सुहाना कुमारी, जुली कुमारी, प्रलया कुमारी, शुभांगी कुमारी, शोभा कुमारी, ज्योति कुमारी, रानी कुमारी, निकिता कुमारी, लक्ष्मी कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं, शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

विज्ञापन
RAJEEV KUMAR JHA

लेखक के बारे में

By RAJEEV KUMAR JHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन